Lok Sabha Election: गर्मी ने रोकी मतदान की रफ्तार, कोई 18 सौ किलोमीटर चल आया तो कहीं तीन पीढ़ियां एक साथ पहुंची वोट देने
सागर लोकसभा क्षेत्र के लिए मंगलवार को उत्साह के साथ मतदान की शुरुआत तो हुई लेकिन तीखी धूप की वजह से मतदान प्रतिशत उम्मीद के हिसाब से नहीं बढ़ सका। सुबह सात बजे से मतदान के लिए कतार लगने शुरू हुई और सुबह सात बजे से एक बजे तक लोकसभा क्षेत्र में 44.37 प्रतिशत मतदान हो गया। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशी के बीच है।
जेएनएन, सागर। सागर लोकसभा क्षेत्र के लिए मंगलवार को उत्साह के साथ मतदान की शुरुआत तो हुई, लेकिन तीखी धूप की वजह से मतदान प्रतिशत उम्मीद के हिसाब से नहीं बढ़ सका। सुबह सात बजे से मतदान के लिए कतार लगने शुरू हुई और सुबह सात बजे से एक बजे तक लोकसभा क्षेत्र में 44.37 प्रतिशत मतदान हो गया। दोपहर एक बजे के बाद मतदान केंद्रों पर मतदाताओ का आना कम हुआ जो शाम पांच बजे तक चलता।
हालत यह रही कि अंतिम पांच घंटे यानी दोपहर एक बजे से शाम छह बजे तक केवल 21.36 प्रतिशत मतदान ही हो सका। वर्ष 2019 में सागर लोकसभा क्षेत्र का मतदान प्रतिशत 65.51 था जो इस साल केवल .22 प्रतिशत ही बढ़ सका। इस साल मतदान का प्रतिशत 65.73 रहा। शाम पांच बजे से छह बजे के बीच केवल 4.03 प्रतिशत ही मतदान हो सका।
सागर लोकसभा क्षेत्र से 13 प्रत्याशी मैदान में
गौरतलब है कि सागर लोकसभा क्षेत्र से 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशी के बीच है। भाजपा प्रत्याशी ने मकरोनिया में किया मतदान केबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने पैतृक गांव जेरई में बने मतदान केंद्र पर पत्नी सविता सिंह राजपूत के साथ मतदान किया। भाजपा प्रत्याशी डा. लता वानखेड़े ने सुबह जल्द ही मकरोनिया क्षेत्र में बने मतदान केंद्र पर परिवार सहित पहुंचकर मतदान किया। इसके बाद वे क्षेत्र में निकल गई।
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रभूषण सिंह बुंदेला उर्फ गुड्डू राजा ने भोपाल जाकर मतदान किया। महापौर संगीता तिवारी ने अपने पति सुशील तिवारी व परिवार सहित महारानी लक्ष्मी बाई सीएम राइज स्कूल पहुंचकर मतदान किया। सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने आंबेडकर वार्ड में बने मतदान केंद्र पर मतदान किया। वहीं पूर्व मंत्री व खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने खुरई में मतदान किया। वहीं कांग्रेस के स्टार प्रचार व पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने रतौना स्थित मतदान केंद्र पर परिवार सहित मतदान किया।
18 सौ किमी कार चलाकर मतदान करने पहुंचा युवा
जैसीनगर के प्रशांत तिवारी बैंगलुरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, उन्होंने मतदान के लिए हवाई जहाज के लिए टिकट के लिए प्रयास किया लेकिन उनकी व्यवस्था नहीं हो पाई है। इसके बाद तिवारी कार से सफर कर जैसीनगर आए जहां उन्होंने मतदान किया। तिवारी का कहना है कि उनकी कंपनी ने मतदान के लिए अवकाश दिया था। वे 18 सौ किमी का सफर तय कर मतदान करने आए। उन्होंने सभी से मतदान की अपील की।
ईवीएम खराबी से 15 मिनट मतदान रुका
सागर में एमएलबी स्कूल में बने बूथ क्रमांक 220 की ईवीएम तकनीकी खराबी आने से करीब 15 मिनट तक मतदान रुका रहा। कलेक्टर दीपक आर्य और पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे अपने साथ टाफियां लिए हुए थे। मतदान केंद्रों में अपनी मां के साथ मतदान कराने के लिए आए बच्चों को यह चाकलेट, टाफियां बांटी गई।
तीन पीढ़ियां एक साथ पहुंची मतदान केंद्र
सागर लोकसभा क्षेत्र के बूथ क्रमांक- 48, संजीवनी बाल विद्यालय, तिलकगंज में तीन पीढ़ियां एक साथ मतदान केंद्र पहुंचीं। यहां 75 वर्षीय मैना जैन कई बीमारियों से ग्रसित होने के बावजूद अपने बेटे राजेश सिंघई व बहू दीपा सिंघई और पोती के साथ मतदान केंद्र पहुंची, जहां तीनों ने अपने मताधिकार का उपयोग कर अपना फर्ज निभाया। मैना जैन ने बताया कि आज उनका जन्म दिवस भी है। जन्म दिवस के मौके पर देश के प्रति मतदान रूपी कर्तव्य निभाने का मौका मिलना ही उनके लिए सबसे अच्छा तोहफा है।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी रूपेश उपाध्याय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा ने अलग-अलग विधानसभाओं में जाकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।