Move to Jagran APP

राजधानी एक्सप्रेस हादसे का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

By Edited By: Updated: Wed, 23 Oct 2013 05:33 PM (IST)
राजधानी एक्सप्रेस हादसे का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

औरंगाबाद : जम्होर थाना के करमा बिगहा गांव से बुधवार को पुलिस ने राजधानी हादसा के मुख्य आरोपी कामेश्वर यादव (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। कामेश्वर को रेल थाना पुलिस वर्ष 2006 से खोज रही थी। बता दें कि 9 सितम्बर, 2002 की रात रफीगंज स्टेशन के पास स्थित धावा नदी रेल पुल पर राजधानी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। 133 यात्री की मौत एवं 150 से अधिक घायल हो गए थे। यह हादसा सुनियोजित था। कामेश्वर इस कांड का सरगना है।

बारुण थानाध्यक्ष ने कामेश्वर को गाव से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है। सोननगर रेल थानाध्यक्ष राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राजधानी हादसा में कामेश्वर को रिमांड पर लिया जाएगा। उसे फरार दिखाते हुए राजधानी दुर्घटना में आरोप पत्र दाखिल किया गया है। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए उल्लेखनीय सफलता है।

बारुण थानाध्यक्ष अनिल कुमार दूबे ने बताया कि कामेश्वर की तलाश औरंगाबाद जिले के आधा दर्जन थानों की पुलिस लूट मामलों में कर रही थी। उसने बीते तीन वर्षो में लूट की कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 70/10, 148/11, जम्होर के 99/13 एवं बारुण के 166/13 समेत दर्जन भर लूट मामलों में उसकी तलाश थी।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर