Bihar IPS Transfer: भोजपुर और नवादा के एसपी बदले, गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना; नीरज सिंह को मिली यह जिम्मेदारी
Bhojpur New SP Name बिहार के दो बड़े जिले के पुलिस कप्तान को बदल दिया गया है। भोजपुर और नवादा के पुलिस अधीक्षक का तबादला कर दिया गया है। भोजपुर में प्रमोद कुमार यादव तो अम्ब्रीश राहुल को फिर से नवादा का एसपी बना दिया गया है। गृह विभाग ने गुरुवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। चुनाव के दौरान दोनों को यहां से हटाया गया था।
राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar News: भोजपुर और नवादा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) बदल गए हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर हटाए गए प्रमोद कुमार यादव और अम्ब्रीश राहुल को वापस पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी मिल गई है। प्रमोद कुमार यादव को भोजपुर जबकि अम्ब्रीश राहुल को फिर से नवादा का एसपी बना दिया गया है। गृह विभाग ने गुरुवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
अभी तक भोजपुर एसपी की कमान संभाल रहे नीरज कुमार सिंह को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (निरीक्षण) की पुरानी कुर्सी दी गई है। वहीं नवादा के एसपी रहे कार्तिकेय के शर्मा को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, पटना में सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा वह सहायक पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे। वर्तमान में यह जिम्मेदारी हटाए गए एसपी प्रमोद कुमार यादव और अम्ब्रीश राहुल संभाल रहे थे।