छपरा जंक्शन पर किशोरी का शव मिला
छपरा, जासं : पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन पर मंगलवार की रात एक अज्ञात किशोरी की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गयी। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक छपरा जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या एक पर स्थित आरपीएफ पोस्ट के सामने से एक अज्ञात किशोरी का शव जीआरपी ने बरामद किया है। बताया जाता है कि उसके साथ एक महिला थी। वह किशोरी उसी के साथ वहां सोई हुई थी। उसके बाद वह उसी तरह पड़ी रही और महिला वहां से गायब हो गई। उक्त किशोरी स्कूल ड्रेस पहनी हुई थी। प्लेटफार्म पर अकेली किशोरी को सोते देख किसी ने इसकी जानकारी जीआरपी को दी। उसके बाद जीआरपी ने जब उसे उठाने का प्रयास किया तो वह मृत पायी गयी। उसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। समाचार प्रेषण तक शव की शिनाख्त नहीं हो पायी थी।