Move to Jagran APP

मेट्रो निर्माण के कारण धंसा भीकाजी कामा फ्लाईओवर

अरविंद कुमार द्विवेदी, दक्षिणी दिल्ली रिंग रोड पर बना भीकाजी कामा प्लेस फ्लाईओवर मेट्रो के निर्माण

By Edited By: Updated: Sun, 22 Jan 2017 10:27 PM (IST)
Hero Image
मेट्रो निर्माण के कारण धंसा भीकाजी कामा फ्लाईओवर

अरविंद कुमार द्विवेदी, दक्षिणी दिल्ली

रिंग रोड पर बना भीकाजी कामा प्लेस फ्लाईओवर मेट्रो के निर्माण कार्य के कारण धंसकर क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके कारण इस मार्ग पर जाने वाला यातायात बाधित हो रहा है। दरअसल, जहां पर फ्लाईओवर की रेनफोर्स अर्थवॉल (वह हिस्सा जो बिना पिलर के पटाई करके बनाया जाता है) धंस कर क्षतिग्रस्त हुई है उसके ठीक नीचे दिल्ली मेट्रो का अंडरपास बन रहा है। इसे पुश बॉक्स तकनीक से बनाया जा रहा है। फ्लाइओवर करीब एक माह पहले क्षतिग्रस्त हुआ था। उसके बाद दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) के अधिकारियों ने इसकी मरम्मत शुरू कर दी थी। फ्लाई ओवर की अस्थायी रूप से मरम्मत की जा रही है। हालांकि अब भी यह भारी वाहनों के लिए सुरक्षित नहीं है। मरम्मत का काम अभी चल रहा है। मेट्रो का काम पूरा हो जाने के बाद इसकी स्थायी तौर पर मरम्मत की जाएगी।

रिंग रोड पर सफदरजंग से धौला कुआं व मोतीबाग जाने वाले कैरिजवे पर फ्लाइओवर के स्पैन खत्म होते ही जहां से रेनफोर्स अर्थवॉल शुरू होता है उसके कुछ ही मीटर दूर फ्लाइओवर धंस गया है। एक माह पहले फ्लाइओवर रात में धंसा था। सुबह इसकी जानकारी होते ही यातायात पुलिस से लेकर पीडब्ल्यूडी व डीएमआरसी अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की शिकायत पर डीएमआरसी ने इसकी मरम्मत शुरू की। मिट्टी धंसने के कारण एक फ्लाईओवर की दीवार एक तरफ झुक गई है, जिसे डीएमआरसी की ओर से सपोर्ट देकर रोका गया है। साथ ही इसकी मरम्मत भी की जा रही है। पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने बताया कि मेट्रो का काम पूरा हो जाने के बाद इसकी स्थायी तौर पर मरम्मत की जाएगी। अधिकारियों ने इस मार्ग से भारी वाहनों को न जाने और फ्लाइओवर पर धीमी गति से चलने की सलाह भी दी है।

यहां पर फ्लाईओवर की एक तरफ मेट्रो स्टेशन बनाया जा रहा है। फ्लाईओवर के दूसरी ओर से प्रवेश व निकास के लिए इस प्वाइंट के नीचे से गहरा अंडरपास बनाया जा रहा है। इसी के सेगमेंट फिट करने के दौरान मिट्टी धंसने से फ्लाइओवर क्षतिग्रस्त हुआ है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।