Move to Jagran APP

हर किसी के दामन पर लगा दाग, सीएम केजरीवाल और सिसोदिया का भी है नाम

मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके हैं।

By Amit MishraEdited By: Updated: Tue, 06 Feb 2018 10:57 AM (IST)
Hero Image
हर किसी के दामन पर लगा दाग, सीएम केजरीवाल और सिसोदिया का भी है नाम

नई दिल्ली [जेएनएन]। सरकार गठन के बाद से ही आम आदमी पार्टी (आप) भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरी है। दिल्ली सरकार के मंत्रियों से लेकर विधायकों तक पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। इन आरोपों में कुछ मंत्री हटाए भी गए तो कुछ आज भी दिल्ली सरकार में बरकरार हैं।

सीएम व डिप्टी सीएम पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके हैं। केजरीवाल पर अपने साढ़ू को लाभ पहुंचाने का आरोप है तो वहीं टॉक टू एके कार्यक्रम के आयोजन को लेकर सिसोदिया के खिलाफ सीबीआइ जांच कर रही है।

और भी हैं कई नाम 

श्रम मंत्री गोपाल राय, पूर्व खाद्य मंत्री आसिम अहमद खान, विधायक अमानतुल्ला खान भी भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे हैं। वहीं, सदीप कुमार का सेक्स वीडियो सामने आने पर उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा तो फर्जी डिग्री के मामले में जितेंद्र सिंह तोमर को कानून मंत्री के पद से हटाया गया था।

किस पर क्या है आरोप

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

आरोप है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साढ़ू सुरेंद्र बसल (दिवंगत) ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों के फर्जी बिलों के भुगतान के लिए उनके नाम का सहारा लिया। इस मामले में हुई एफआइआर में मुख्यमंत्री का भी नाम है। वहीं, पूर्व जल मंत्री कपिल मिश्रा केजरीवाल को दो करोड़ रुपये लेते हुए देखने का आरोप लगा चुके हैं।

टॉक टू एके के आयोजन में सिसोदिया के खिलाफ जांच

आरोप है कि जनता से रूबरू होने के लिए आयोजित किए गए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम टॉक टू एके के लिए अनुमति नहीं ली गई। नियमों की धज्जियां उड़ाकर इस कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी एक कंपनी को दे दी गई। इस मामले की जांच सीबीआइ कर रही है।

श्रम मंत्री गोपाल राय

परिवहन मंत्री रहते हुए गोपाल राय के खिलाफ प्रीमियम बस सेवा शुरू करने के लिए तैयार की गई योजना में गड़बड़ी किए जाने का आरोप है। इस मामले की जांच भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) कर रही है। एसीबी द्वारा बुलाए जाने पर पेश होने से पहले जून 2016 में उन्होंने परिवहन मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।

फर्जी डिग्री मामले में जितेंद्र सिह तोमर को हटाना पड़ा था

कानून व पर्यटन मंत्री रहे जितेंद्र सिंह तोमर को फर्जी डिग्री मामले में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फर्जी डिग्री का मामला सामने आने के बाद उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया था। यह मुकदमा अभी अदालत में है।

भ्रष्टाचार के मामले में आसिम अहमद हुए बर्खास्त

आसिम अहमद केजरीवाल सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री थे। उन पर अपने इलाके में एक निर्माण के मामले में बिल्डर से रिश्र्वत मांगने का आरोप है। इस मामले में उन्हें मंत्री पद से हाथ धोना पड़ा। मामले की जांच सीबीआइ कर रही है।

सेक्स स्कैंडल के आरोप में संदीप मंत्री पद से हुए बर्खास्त

'आप' सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्री संदीप कुमार को सेक्स स्कैंडल के आरोप में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया। सरकार को उन्हे बर्खास्त करना पड़ा। कई माह तिहाड़ जेल में रहने के बाद अब जमानत पर बाहर हैं। 

यह भी पढ़ें: अंकित मर्डर केस: केजरीवाल ने तोड़ी चुप्पी, परिवार से की बात, मुआवजे पर रहे मौन

यह भी पढ़ें: अंकित सक्सेना हत्याकांड पर बरसे 'आप' नेता, कुमार बोले- ये किसकी मेहरबानी

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।