Move to Jagran APP

फरवरी में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड, अब तेजी से बढ़ेगा तापमान, हो जाएं सावधान

मौसम विभाग के अनुसार 24 फरवरी को दिल्ली में बादल जरूर छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम ही है।

By Amit MishraEdited By: Updated: Fri, 23 Feb 2018 03:26 PM (IST)
Hero Image
फरवरी में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड, अब तेजी से बढ़ेगा तापमान, हो जाएं सावधान

नई दिल्ली [जेएनएन]। दिल्ली में गर्मी शुरू हो चुकी है। बुधवार को अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से सात डिग्री अधिक था। इस मौसम का यह सबसे गर्म दिन रहा। पिछले चार दिनों के दौरान दिल्ली के तापमान में करीब 6 डिग्री का उछाल आया है। आमतौर पर इस तरह की गर्मी फरवरी के अंतिम दिनों में देखने को मिलती है।

बारिश की संभावना कम

मौसम विभाग के अनुसार 24 फरवरी को दिल्ली में बादल जरूर छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम ही है। हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है, मगर इससे तापमान में अधिक राहत नहीं मिलेगी। तापमान में सिर्फ 1 से 2 डिग्री की गिरावट आएगी। यानी तापमान 29 से 30 डिग्री के बीच ही बना रहेगा। बुधवार को पालम में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री, रिज में 32.1 और आया नगर में 31.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है।

तापमान में तेजी से इजाफा होगा

प्रादेशिक मौसम विभाग केंद्र, दिल्ली के निदेशक डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव के अनुसार दिल्ली में गर्मी शुरू हो चुकी है। अगले दो दिनों में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इसके बाद 24 व 25 फरवरी को तापमान में मामूली कमी आएगी और यह 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, लेकिन इसके बाद फिर से तापमान में तेजी से इजाफा होगा। 

बढ़ गया प्रदूषण का स्तर 

मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को तापमान 31 डिग्री (अधिकतम) और 12 डिग्री (न्यूनतम) के बीच रह सकता है। इस बीच बुधवार को दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर अधिक देखा गया। बुधवार को दिल्ली का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 290 रहा। 

ऐसे करें बचाव 

मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। दिन में गर्मी तो रात को सर्दी महसूस होती है। बदलता मौसम किसी को भी बीमार कर सकता है। खानपान या फिर गर्म कपड़े पहनने को लेकर की गई लापरवाही की असर सीधा सेहत पर पड़ सकता है जिसकी वजह से वायरल फीवर, गले में दर्द, खांसी, जुकाम, बदन दर्द जैसी कई परेशानियां शुरू हो जाती हैं। ऐसे में खुद का ख्याल रखना जरूरी है, ताकि मौसम की वजह से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके।

भरपूर पानी पीना चाहिए

सर्दी हो या गर्मी शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है। इसके लिए भरपूर पानी पिएं। गुनगुने पानी का सेवन पाचन क्रिया को भी दुरूस्त रखता है। खाना खाने के एक घंटा पहले और खाना खाने के आधे घंटे बाद ही पानी पीएं। ठंडे पानी से गला खराब हो सकता है।

इनका भी करें उपयोग

सब्जियों के साथ-साथ अपने आहार में कुछ जरूरी हर्ब भी शामिल करें। इससे शरीर को एनर्जी मिलेगी और रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होगी। आंवला, ब्रह्मी, तुलसी, अदरक, इलायची, अजवाइन, सौंफ आदि भी अच्छे स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।

बच्चों का रखें खास ख्याल

छोटे बच्चे मौसम में बदलाव आने के कारण बीमारी के चपेट में जल्दी आ जाते हैं। इनका खास ख्याल रखने की जरूरत होती है। बच्चों को अच्छी डाइट दें। बाजार की बनी चीजें न खिलाएं। समय-समय पर उन्हें लिक्विड दें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

यह भी पढ़ें: बर्फीली हवाओं का असर, अगले तीन दिनों तक ठिठुरेगी दिल्ली

यह भी पढ़ें: केजरीवाल सरकार पर लगा केंद्र के विज्ञापन से तस्वीर चुराने का आरोप, कपिल बोले- चोर

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।