Move to Jagran APP

मार्च से मई तक दिल्ली-एनसीआर समेत तपेगा पूरा उत्तर भारत, आसमान से बरसेगी आग

मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली और उसके आसपास के राज्यों हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री ऊपर रह सकता है।

By Amit MishraEdited By: Updated: Fri, 02 Mar 2018 06:33 AM (IST)
Hero Image
मार्च से मई तक दिल्ली-एनसीआर समेत तपेगा पूरा उत्तर भारत, आसमान से बरसेगी आग

नई दिल्ली, प्रेट्र। इस बार गर्मियों के मौसम में दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत कुछ ज्यादा ही गर्म रहेगा। भारत मौसम विभाग (आइएमडी) ने अपनी भविष्यवाणी में बताया है कि मार्च से मई के बीच इस क्षेत्र का तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक रह सकता है। इन महीनों के दौरान उत्तर भारत के लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

पड़ेगी भीषण गर्मी 

एक बयान में मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली और उसके आसपास के राज्यों हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री ऊपर रह सकता है। सबसे खराब स्थिति दो पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की रह सकती है। इन राज्यों में आम तौर पर रहने वाला तापमान 2.3 डिग्री ज्यादा रहने की संभावना है। दक्षिण भारत और उत्तर पूर्व के चार राज्यों के तापमान में भी हल्का बदलाव रह सकता है।

इन राज्यों पर पड़ेगा असर 

मार्च से जुलाई के दौरान भारत में गर्मी पड़ती है और लू की स्थिति रहती है। मौसम विभाग ने कहा है कि लू की स्थिति रहने वाले प्रमुख क्षेत्र में मार्च से मई के दौरान उच्चतम तापमान ज्यादा रहने की 59 फीसद संभावना है। इस क्षेत्र में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, मराठवाड़ा, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और तटीय आंध्र प्रदेश आते हैं। 

जल संकट भी रहेगा 

इस बार जल संकट रहने की भी आशंका है। पहाड़ी राज्यों जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में सर्दियों के मौसम में बारिश और हिमपात कम होने से यह स्थिति पैदा हो सकती है। इन राज्यों में हिमपात से मैदानी क्षेत्रों की ओर बहने वाली नदियों में पानी आता है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली से सामने आया बड़ा ATM कांड, तीन दिन में लगी दो करोड़ 22 लाख की चपत

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।