BJP नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा- राजधानी दिल्ली में चार लाख से अधिक राशन कार्ड फर्जी
नियमानुसार जो राशन कार्ड धारक 3 महीने तक लगातार राशन नहीं लेता, उसका राशन कार्ड निरस्त कर दिया जाता है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कहना है कि दिल्ली में चार लाख से अधिक राशन कार्ड फर्जी हैं, जिनके जरिये गरीबों का राशन कालाबाजारियों तक पहुंचाया जा रहा है। इसलिए इस मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। जिन लोगों के पास फर्जी राशन कार्ड हैं, सरकार उन्हें दंडित करे।
दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि राशन वितरण मामले में दिल्ली सरकार पूरी तरह विफल रही है। राशन माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय सरकार घर तक राशन पहुंचाने की योजना के नाम पर अपनी जिम्मेदारी से बचना चाहती है। सरकार की इस योजना से राशन माफिया को फायदा होगा।
विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में 73 लाख लोगों को सस्ता राशन मिलता है। यहां 19.50 लाख राशन कार्ड धारक हैं। फर्जी कार्ड धारकों पर रोक लगाने के लिए राशन कार्ड को आधार कार्ड से लिंक कराया गया है। जनवरी 2018 में 15.15 लाख कार्ड धारकों ने सस्ते राशन की दुकानों से राशन प्राप्त किया।
फरवरी 2018 में भी 15.15 लाख राशन कार्ड धारकों ने अपने कोटे का राशन लिया। चार लाख से अधिक लोगों ने न तो जनवरी में और न ही फरवरी में अपने राशन कार्ड पर राशन उठाया। नियमानुसार जो राशन कार्ड धारक 3 महीने तक लगातार राशन नहीं लेता, उसका राशन कार्ड निरस्त कर दिया जाता है।