Move to Jagran APP

कोबाड़ के नाम से सेनादोनी में स्टेशन बनाना दुर्भाग्यपूर्ण

गिरिडीह : सदर प्रखंड के कोबाड़ गांव के नाम पर सेनादोनी में रेलवे स्टेशन बनाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

By Edited By: Updated: Sat, 08 Aug 2015 07:42 PM (IST)
कोबाड़ के नाम से सेनादोनी में स्टेशन बनाना दुर्भाग्यपूर्ण

गिरिडीह : सदर प्रखंड के कोबाड़ गांव के नाम पर सेनादोनी में रेलवे स्टेशन बनाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। अधूरी परियोजना का उद्घाटन कर मंत्री और स्थानीय सांसद अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। यह कहना है भाकपा माले का। पार्टी ने कहा कि परियोजना में हो रही देरी से गिरिडीह वासियों को निराशा हुई है। कोबाड़ में स्टेशन और शेष कार्य को इस वित्तीय वर्ष में पूर्ण करने की मांग के साथ भाकपा माले आंदोलन करेगी।

पार्टी की राज्य कमेटी के सदस्य सह जिप सदस्य राजेश यादव ने कहा कि कोबाड़ की महत्ता को दरकिनार कर रेल प्रशासन ने एक वर्ग विशेष को खुश करने के लिए सेनादोनी में कोबाड़ के नाम से स्टेशन बना दिया है जबकि वहां से कोबाड़ की दूरी ढाई से तीन किमी के बीच है।

दूसरी ओर, सदर प्रखंड की पहाड़पुर पंचायत के द्वारपहरी चौक क्षेत्र में शनिवार को वार्ड सदस्य मंजू वर्मा की अध्यक्षता में ग्रामीणों की बैठक हुई जिसमें कोडरमा-कोबाड रेलखंड पर नई डेमू ट्रेन के परिचालन से संबंधित उद्घाटन समारोह में गांडेय विधायक जयप्रकाश वर्मा की उपेक्षा पर गहरी नाराजगी प्रकट की गई।

कहा गया कि गांडेय विधायक के पिता स्व. जगदीश कुशवाहा और चाचा स्व. रीतलाल वर्मा के अथक प्रयास से ही कोडरमा-गिरिडीह रेल परियोजना धरातल पर उतर पाई। बावजूद इसके वर्मा परिवार से ताल्लुक रखनेवाले विधायक का अपमान समझ से परे है।

कहा कि पहाड़पुर पंचायत में रेल परियोजना कार्य को तेजी से पूरा नहीं किया जा रहा है। गांडेय विधानसभा क्षेत्र में पड़ने के कारण यहां की जनता अपने विधायक के अपमान से आक्रोशित है। बैठक में रामचंद्र वर्मा, प्रमोद वर्मा, शशि शेखर, अशोक कुमार, अष्टमा देवी, उर्मिला देवी, सपना कुमारी, बहादुर वर्मा, अर्जुन वर्मा, निरंजन कुमार, मुकेश वर्मा, अनिल प्रसाद वर्मा आदि उपस्थित थे।