लॉकडाउन में ही शौहर ने दे दिया तीन तलाक...जख्मी हालत में शगुफ्ता पहुंची थाना
डोरंडा की रहने वाली विवाहिता शगुफ्ता परवीन को पति मो. इमरान ने तीन तलाक दे दिया। पति ने उसपर अवैध संबंध के आरोप भी लगाए।
रांची, जासं। रांची में मंगलवार को तीन तलाक का मामला सामने आया है। डोरंडा की रहने वाली विवाहिता शगुफ्ता परवीन को पति मो. इमरान ने तीन तलाक दे दिया। यह स्थिति तब आई, जब बेटे ने पतंग खरीदने के लिए कहा और बच्चे को डांटा। इस विवाद में पत्नी पति से उलझ गई। अवैध संबंध के आरोप भी लगाए। इस बीच दोनों में मारपीट हुई, इसके बाद पति ने तलाक दे दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम इफ्तारी के वक्त बेटे को पतंग खरीदने के पैसे देने पर पति और पत्नी के बीच विवाद हुआ था। मामला इतना बढ़ गया कि पति-पत्नी के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में पीड़िता घायल भी हो गई। इसबी पति मो. इमरान ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता सीधे डारेंडा थाने पहुंची और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि डोरंडा थाना प्रभारी ने कहा है कि मामला-पति पत्नी के बीच विवाद का है। दोनों के बीच मारपीट हुई है। पीड़िता ने पति पर दूसरी महिला से अवैध संबंध का अारोप भी लगाया है। पूरे मामले की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
12 साल पहले हुई थी शादी, अक्सर होता था विवाद
जानकारी के अनुसार पीड़िता शगुफ्ता की शादी 12 साल पहले इमरान से हुई थी। इसके बाद अक्सर विवाद होता आया है। एक साल पहले भी पंचायत बैठी थी, जिसमें दोनों के बीच सुलह हुआ था। कुछ दिन के बाद फिर से दोनों के बीच विवाद होने लगा। शाम में इफ्तार के वक्त दोनो के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ है। इधर, तलाक देने वाले पति मो. इमरान ने कहा है कि शादी के बाद से ही छोटी-छोटी बातों पर विवाद कर रही है। कई बार समझौता भी हुआ। हालांकि ससुराल वाले भी विवाद को तूल देते रहे हैं। घर लिखाने का दबाव भी बनाया जाता रहा है। हर विवाद पर समझौता के बाद भी अनबन शुरू हो जाता है। थाना और कोर्ट की धमकी देकर हमेशा दबाव बनाया गया है।
ऐसे हुआ विवाद और कह दिया तीन तलाक
मो. इमरान और शगुफ्ता के दो बच्चे हैं। मंगलवार की शाम एक बेटा पतंग खरीदकर लाया था। पतंग दूसरा बच्चा भी मांग रहा था। इसी बात पर विवाद शुरू हुआ और कहासुनी शुरू हो गई। जो बड़ा विवाद बना, मारपीट हुई अौर तीन तलाक कहकर रिश्ते को समाप्त कर लिया। पति के अनुसार उनकी पत्नी शगुफ्ता ने उन पर हाथ चला दिया। तभी उसे तलाक दिया है।