Jharkhand Politics: 'देश के प्रधानमंत्री आदिवासी विरोधी...', CM चंपाई सोरेन ने चुनावी सभा में PM मोदी पर बोला हमला
मझगांव विधानसभा में आने वाले मंझारी प्रखंड के पुटिसिया के राका मैदान व कुमारडुंगी के ताड़ीसाई मैदान में चुनावी सभा आयोजित की गई और सभा में सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री आदिवासी विरोधी हैं वह कभी भी आदिवासी के हित में कार्य नहीं कर सकते। उन्होंने ये भी कहा कि जब से राज्य में महागठबंधन की सरकार बनी है तब से मानकी-मुंडा को सम्मान मिला है।
जागरण संवाददाता, कुमारडुंगी/तांतनगर। देश के प्रधानमंत्री आदिवासी विरोधी हैं, वह कभी भी आदिवासी के हित में कार्य नहीं कर सकते। यह बातें मझगांव विधानसभा में आने वाले मंझारी प्रखंड के पुटिसिया के राका मैदान व कुमारडुंगी के ताड़ीसाई मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहीं।
सिंहभूम लोकसभा से प्रतयाशी जोबा मांझी के लिए वोट मांगने पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि कोल्हान-पोड़ाहाट की धरती में मानकी-मुंडा व्यवस्था चलती है लेकिन भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने मानकी-मुंडा के हक अधिकार को छिनने का प्रयास किया।
मानकी-मुंडा को लेकर ये बोले सीएम
उन्होंने कहा है कि जब से राज्य में महागठबंधन की सरकार बनी है, मानकी-मुंडा को सम्मान देने का कार्य किया है। मानकी-मुंडा के नाम से छात्रवृति योजना राज्य सरकार चला रही है। दो दिन पहले देश के प्रधानमंत्री चाईबासा पहुंचे थे।
वह आदिवासियों के हक की बात करते हैं लेकिन आदिवासियों को उनका अधिकार आपकी सरकार ने क्यों नहीं दिया? सीएम ने कहा आदिवासियों के हक, अधिकार, लोकतंत्र व संविधान को बचाने के लिए महागठबंधन की प्रत्याशी जोबा माझी को वोट देकर भारी मतों से विजयी बनाए।
भाजपा पर बोला जमकर हमला
झारखंड की खनिज संपदाओं को लूटने के लिए भाजपा को वोट चाहिए। हमारे जल, जंगल, जमीन को बेचकर अडानी अंबानी के हाथों में भाजपा सौंपना चाहती है, जिसे कभी पूरा नहीं होने दिया जाएगा। भाजपा नहीं चाहती कि यहां के आदिवासी-मूलवासी आगे बढ़े। हमारी मानकी, मुंडा व्यवस्था को खत्म करने की साजिश की जा रही है।
हमारी सरकार आगामी जून महीने से विद्यालयों में प्राथमिक कक्षा से जनजातीय भाषा की पढ़ाई प्रारंभ करायेगी। इसके लिए विद्यालयों में शिक्षकों की बहाली होगी। स्थानीय मूल भाषा की पढ़ाई के लिए जहां 10 विद्यार्थी भी होंगे वहां एक शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे। अपनी मातृभाषा से हम अपने बच्चों को शिक्षित करेंगे। हर प्रखंड में माडल स्कूल का निर्माण कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें-
Odisha Election News: ओडिशा की 4 लोकसभा सीटों पर आज नामांकन का अंतिम दिन, ये उम्मीदवार भरेंगे पर्चा