Move to Jagran APP

जाट आंदोलन में कांग्रेस का हाथ होने के सुबूत

आंदोलन को शह देने के आरोप में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के राजनीतिक सलाहकार प्रो. वीरेंद्र सिंह घिर गए हैं।

By Gunateet OjhaEdited By: Updated: Tue, 23 Feb 2016 09:40 AM (IST)
Hero Image

चंडीगढ़। हरियाणा में चल रहे जाट आंदोलन को शह देने के आरोप में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के राजनीतिक सलाहकार प्रो. वीरेंद्र सिंह घिर गए हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने प्रोफेसर को कारण बताओ नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। इसके लिए तीन दिन का समय दिया गया है।

आरक्षण की आग: उम्र गुजर जाएगी जख्म भरने में

इस बीच, प्रो. वीरेंद्र का जाट आंदोलन के लिए उकसाने वाला कथित ऑडियो टेप के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में तूफान खड़ा हो गया है। हुड्डा ने प्रोफेसर का बचाव करते हुए उनके ऑडियो को साजिश करार दिया है। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और राव इंद्रजीत सिंह ने जहां ऑडियो टेप की जांच कराने की मांग की है, वहीं विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला ने सरकार पर नेताओं के फोन टेप कराने का आरोप लगाते हुए नया विवाद छेड़ दिया है।

प्रो. वीरेंद्र को इस ऑडियो टेप में किसी कप्तान नाम के व्यक्ति से सिरसा में आंदोलन खड़ा कराने का आग्रह करते सुना जा सकता है। कप्तान ने भी प्रोफेसर को उनकी उम्मीद पूरी करने का भरोसा दिलाया है। प्रो. वीरेंद्र ने इस ऑडियो टेप के वायरल होने के बाद सफाई दी कि आवाज तो उन्हीं की है पर इसमें छेड़छाड़ की गई है। इसलिए पूरा ऑडियो सामने आना चाहिए, जिसमें वे लोगों को शांत रहने की अपील कर रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार सरकार के पास ऐसे कई ऑडियो टेप हैं, जिनमें जाट आंदोलन के सूत्रधार का अंदाजा लगाया जा सकता है। सरकार को जानकारी मिली है कि प्रोफेसर वीरेंद्र जिस व्यक्ति से ऑडियो टेप में बातचीत कर रहे हैं, वह किसी नेता का नहीं बल्कि एक आइपीएस अधिकारी का है। प्रदेश में वैसे भी एक जाति विशेष के अफसरों की तादाद काफी है। सरकार को रिपोर्ट मिली है कि इन अफसरों का आंदोलन में सहयोग रहा है। ऐसे अफसरों पर कार्रवाई की तैयारी है।

प्रोफेसर के विरुद्ध साजिश
प्रो. वीरेंद्र के खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्हें बदनाम करने की कोशिश हो रही है। यह एक साजिश है।
- भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री

दोषियों को बेनकाब किया जाए
आडियो क्लीपिंग में प्रोफेसर वीरेंद्र की आवाज है। आवाज को सभी पहचानते हैं। इसकी जांच होनी चाहिए और जान माल के नुकसान के दोषियों का पता चलना चाहिए।
- कैप्टन अजय यादव, पूर्व मंत्री, कांग्रेस

कुछ घर कैसे छूट गए
कुछ लोगों ने पहले मेरे दादा ओमप्रकाश चौटाला पर महम कांड के आरोप लगाए। फिर पिता अजय चौटाला पर कंडेला कांड के आरोप लगाए। रोहतक में हुड्डा, प्रोफेसर और बीबी बत्रा के घरों को छोड़कर सभी कुछ खाक हो गया। इन दंगों की जांच होनी चाहिए।
- दिग्विजय चौटाला, इनेलो नेता

हुड्डा व इनेलो नेता राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए राज्य में आग लगवा रहे हैं। आरक्षण के नाम पर हुड्डा ने जिस तरह से साजिश रची, उसका पर्दाफाश हो गया है। हम जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मिलेंगे।
- कुलदीप बिश्नोई, प्रमुख हजकां

सरकार गंभीर, कराएंगे जांच
हम पूरी ऑडियो क्लीपिंग की जांच कराएंगे। कोई तो है जो पूरे आंदोलन को डायरेक्ट कर रहा है। सरकार इसे लेकर गंभीर है।
- अनिल विज, स्वास्थ्य मंत्री, हरियाणा

सच्चाई सामने लाएंगे
ऑडियो टेप मामले की हमने जांच कराने का फैसला लिया है। स्थिति सबके सामने है और आंदोलन के पीछे की सच्चाई सामने लाएंगे।
- प्रो. रामबिलास शर्मा, शिक्षा मंत्री, हरियाणा

ऐसा है कांग्रेस नेता का ऑडियो टेप
प्रो. वीरेंद्र सिंह का यह ऑडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय रहा। इसमें प्रो. सिंह और किसी कप्तान सिंह की जाट आंदोलन को लेकर हुई बातचीत इस प्रकार है-
फोन करने वाला : हेलो
कप्तान : हां जी
फोन करने वाला : हां, एक बार प्रोफेसर वीरेंद्र जी बात करेंगे आपसे
कप्तान : हां कराओ
प्रो. वीरेंद्र : हां... कप्तान साहब नमस्कार।
कप्तान : गुड इवनिंग सर, गुड इवनिंग
प्रो. वीरेंद्र : कैसे हो?
कप्तान : बहुत फाइन है सर अभी।
प्रो. वीरेंद्र : कप्तान साहब, ये अपने इलाकों में तो बड़ा अच्छा चल रहा। देसवाली बेल्ट में। इनको कहो इनसो के लड़कों को और इनेलो वालों को। समर्थन का तो ड्रामा करते हो और सिरसा में एक कीडी भी नहीं रोक रक्खी थमनै।
कप्तान : हां सर हां
कप्तान : करता हूं मैं
प्रो. वीरेंद्र : हुड्डा साहब ने जब दिया था तब तो आर्थिक रूप से आरक्षण की मांग की थी। वो क्या कहेंगे, कैह ही रहे हैं। तुम अपने इलाके में क्यों नहीं कर रहे। वहां कराओ।
कप्तान : अभी कराता हूं। सिरसा साइड में नहीं हो रहा ना सर...
प्रो. वीरेंद्र : सिरसा में नहीं हो रहा है। सिरसा में कराओ भाई।
कप्तान : अभी कराता हूं।
प्रो. वीरेंद्र : ठीक है कप्तान साहब।
कप्तान : अभी सर कहां से बोल रहे हो...
बिना कोई जवाब दिए फोन बंद हो जाता है।