Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बिजली संकट सुधारें, नहीं तो पद छोड़ें उपराज्यपाल : बीजेपी

राजधानी में बढ़ती बिजली कटौती और पानी के संकट ने दिल्लीवालों का जीना मुहाल कर दिया है। बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं होने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद रमेश विधुड़ी ने उपराज्यपाल नजीब जंग पर निशाना साधा है। विधुड़ी ने तल्ख लब्जों में कहा है कि अगर अगले कुछ दिनों में बिजली संकट में सुधार नहीं हुआ

By Edited By: Updated: Wed, 18 Jun 2014 07:08 AM (IST)
Hero Image

नई दिल्ली। राजधानी में बढ़ती बिजली कटौती और पानी के संकट ने दिल्ली वालों का जीना मुहाल कर दिया है। बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं होने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद रमेश विधुड़ी ने उपराज्यपाल नजीब जंग पर निशाना साधा है। विधुड़ी ने तल्ख लब्जों में कहा है कि अगर अगले कुछ दिनों में बिजली संकट में सुधार नहीं हुआ तो उप राज्यपाल को उनके पद से हटा देना चाहिए।

दिल्ली भाजपा के महासचिव और दक्षिणी दिल्ली के सांसद विधुड़ी ने उपराज्यपाल जंग पर हमला बोलते हुए कहा कि पानी और बिजली संकट ने इस भीषण गर्मी में लोगों के जीवन को और भी कष्टकारी बना दिया है। इसलिए उपराज्यपाल को इस संकट से छुटकारा दिलाने के लिए सारे संभव उपाय करने चाहिए। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा की प्रबंधन टीम में मुख्य भूमिका में रहे विधुड़ी ने कहा कि अगर अगले कुछ दिनों में ये संकट दूर नहीं हुआ तो उन्हें(नजीब जंग) को पद से हटा देना चाहिए।

गौरतलब है कि 30 मई को दिल्ली में आए भीषण तूफान की वजह से बिजली आपूर्ति नेटवर्क क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में बिजली और पानी का संकट गहरा गया। दक्षिणी दिल्ली के सांसद ने कहा कि हमने (भाजपा) दिल्ली की जनता को अच्छे दिन दिखाने का वादा किया है। इसलिए इन समस्याओं को जितनी जल्दी हो दूर करना चाहिए।

भाजपा नेता ने बिजली संकट के लिए कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराए जाने की निंदा की और कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को भुनाने का आरोप लगाया। रमेश विधुड़ी ने कहा कि पिछले 15 वर्षो से दिल्ली में कांग्रेस की सरकार थी। इसके अलावा 15 मई 2014 तक मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री रहे, उप राज्यपाल को भी कांग्रेस ने ही नियुक्त किया। फिर ये एनडीए सरकार जो एक महीने पहले ही केंद्र में आई है पर कैसे आरोप लगा सकते हैं। इतना ही नहीं भाजपा सांसद ने इन सभी समस्याओं के लिए कांग्रेस को ही जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने शीला सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकार ने बिजली और पानी की समस्या के सुधार के लिए कुछ भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि दक्षिणी दिल्ली में तो कुछ ऐसे भी क्षेत्र हैं जहां सर्दियों में भी पानी नहीं आता। इसके अलावा गैर मान्यता प्राप्त कॉलोनियों में तो आधारभूत सुविधाएं भी नहीं हैं। कांग्रेस की सरकार ने इस मुद्दे पर कुछ भी नहीं किया।

पढ़ें: गहराता बिजली संकट

पढ़ें: गंभीर बिजली संकट