Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

हॉस्टल में प्रधानाचार्य ने किया छात्राओं से दुष्कर्म

पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में छात्राओं के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। एक अंग्रेजी माध्यम के स्कूल के हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं के साथ वहां का प्रधानाचार्य ही काफी दिनों से दुष्कर्म करता रहा।

By Edited By: Updated: Sun, 05 Aug 2012 03:57 PM (IST)
Hero Image

मालदा, जागरण संवाददाता। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में छात्राओं के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। एक अंग्रेजी माध्यम के स्कूल के हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं के साथ वहां का प्रधानाचार्य ही काफी दिनों से दुष्कर्म करता रहा। मामला तब प्रकश के आया, जब कक्षा सात की एक छात्रा के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बच्ची को शराब पिलाकर प्रधानाचार्य ने दुष्कर्म किया। आरोपी सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से जुड़ा बताया जा रहा है।

घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। उनका आरोप था कि आरोपी सत्तारूढ़ दल से जुड़ा हुआ है, इसलिए पुलिस कार्रवाई से बच रही है। जानकारी के अनुसार जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र स्थित प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में 30 छात्राएं रहती हैं। आरोप है कि स्कूल के प्रधानाचार्य नाजिब अली उन लड़कियों के साथ अक्सर दुष्कर्म करता था। सामाजिक डर व शर्म के कारण लड़कियां मुंह नहीं खोलतीं थीं। शुक्रवार दोपहर एक सातवीं कक्षा की छात्रा को खांसी आनी शुरू हुई। खांसी की दवा देने के नाम पर प्रधानाचार्य ने उसे शराब पिला दी। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। लड़की के अस्वस्थ होने की खबर पर उसके पिता हॉस्टल पहुंचे। तब बेटी ने आपबीती पिता व अन्य छात्राओं को दी। इसके बाद सभी छात्राओं को लेकर वह शुक्रवार रात कालियाचक थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सभी को थाने में काफी देर तक बिठाए रखा। पुलिस ने आरोपी को रात में गिरफ्तार नहीं किया। स्थानीय तृणमूल नेतृत्व थाने पहुंचकर पीड़ित पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव डालते रहे। शनिवार को पुलिस अधीक्षक जयंत पाल ने बताया कि आरोपी फरार है।

छात्रा के कपड़े उतरवाने पर शिक्षिकाएं गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले के सिउड़ी थाना अंतर्गत कालीगति स्मृति नारी शिक्षा निकेतन स्कूल की कक्षा दसवीं की छात्रा ने दो शिक्षिकाओं पर कपड़ा उतरवाकर तलाशी लेने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी शिक्षिकाओं को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को स्कूल की कक्षा ग्यारहवीं की एक छात्रा का डेढ़ सौ रुपये चोरी हो गए थे। इसके बाद शिक्षिकाएं पीड़ित को टीचर्स रूम में ले गई। वहां उसके कपड़े उतरवा कर जांच की। उसके पास से कोई पैसा नहीं मिला। घर पहुंचने पर छात्रा ने परिजनों को सारी बात बताई। परिजनों ने दोनों शिक्षिकाओं चैताली गुप्ता व लिपिका दास के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई। शनिवार को पुलिस ने शिक्षिकाओं को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर