Move to Jagran APP

पानीपत में कंबल फैक्ट्री में भीषण आग

देसराज कालोनी में कंबल के एक गोदाम व दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। एक के बाद एक गोदाम एवं दोनों फैक्ट्रियों की बिल्डिंग धरासाई होकर गिर गई।

By Edited By: Updated: Thu, 29 Mar 2012 11:42 PM (IST)
Hero Image

पानीपत [वरिष्ठ संवाददाता]। देसराज कालोनी में कंबल के एक गोदाम व दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। एक के बाद एक गोदाम एवं दोनों फैक्ट्रियों की बिल्डिंग धरासाई होकर गिर गई। बिल्डिंग गिरने से राहत काम में बाधा आई। आग से आसपास की फैक्ट्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास की लगती फैक्ट्रियों से माल बाहर निकाले जाने लगे। आग में लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

गुरुवार की शाम करीब पांच बजे देसराज कालोनी स्थित सतप्रकाश के कंबल के एक गोदाम शिव माडर्न लूमटैक्स में अचानक आग भड़क गई। हवा के कारण आग ने जल्दी ही विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते गोदाम की बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। जिससे पास की नारायण और दिनेश हैंडलूम की बिल्डिंग गिर गई। दोनों फैक्ट्रियों में भी आग लग गई। आग की सूचना मिलने पर दमकल की सात गाड़ियां मौके पर पहुंची, लेकिन हवा तेज होने के कारण आग ने भीषण रूप ले लिया। बिल्डिंग गिरने से बचाव काम में लगे दमकलकर्मी और अन्य लोग बालबाल बच गए।

दमकल की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में भारी परेशानियां हुई। बीच रास्ते पर ही शेफ्टी टैंक बने होने के कारण गाड़ियां अंदर गली में नहीं जा सकी। अवैध कब्जे का खामियाजा फैक्ट्री व गोदाम मालिक को भुगतना पड़ा। आग बुझाने में दमकल विभाग के कर्मचारियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। तेज हवा ने भी आग में घी का काम किया। कृष्णा हैंडलूम की एक दीवार भी गिर गई, लेकिन आग लगने से रोक दिया गया।

आग लगने और फैक्ट्रियों की बिल्डिंग गिरने से देसराज कालोनी में हड़कंप मच गया। आसपास की फैक्ट्रियों में कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। मालिकों के निर्देश पर फैक्ट्रियों को खाली करने का काम शुरू किया गया।

चार घंटे में आग पर पाया काबू:-

दमकल विभाग के एफएसओ एसएस नरवाल ने बताया कि देर शाम करीब नौ बजे दमकल की सात गाडिय़ों की मदद से आग बुझाई गई। आग से लाखों का नुकसान हुआ है। एहतियात के तौर पर मौके पर दमकल की दो गाडिय़ां तैनात हैं। आग कैसे लगी इसका पता नहीं चल सका है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर