Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पाक मीडिया का दावा- दाऊद पाकिस्तान आता तो है, रहता नहीं है

अंडरव‌र्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के बारे में पाकिस्तान के मीडिया समूह डॉन मीडिया ग्रुप के सीईओ ने हामिद हारुन ने दावा किया है कि वह अक्सर पाकिस्तान आता जरूर है लेकिन रहता नहीं है। यहां प्रेस क्लब में गुरुवार को उन्होंने यह भी कहा कि उनका दाऊद से लेना-देना नहीं।

By Sanjeev TiwariEdited By: Updated: Fri, 25 Dec 2015 08:07 AM (IST)
Hero Image

मुंबई। अंडरव‌र्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के बारे में पाकिस्तान के मीडिया समूह डॉन मीडिया ग्रुप के सीईओ ने हामिद हारुन ने दावा किया है कि वह अक्सर पाकिस्तान आता जरूर है लेकिन रहता नहीं है। यहां प्रेस क्लब में गुरुवार को उन्होंने यह भी कहा कि उनका दाऊद से कोई लेना-देना नहीं है।

हारुन ने कहा, 'जहां तक मैं जानता हूं दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान का नागरिक नहीं है। वह अक्सर पाकिस्तान आता है। वह अपना समय दुबई और दक्षिण अफ्रीका में बिताता है।'

'भारत एवं पाकिस्तान : किस तरह द्विपक्षीय वार्ता पटरी से न उतरे' पर चर्चा के बाद पूछे गए सवालों के जवाब में हारुन ने दावा किया। यह चर्चा मुंबई प्रेसक्लब और आब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ओआरएफ) की ओर से आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा, 'दाऊद हत्यारा है। हत्यारों के खिलाफ सरकार कदम बढ़ाए। मैं मानता हूं कि दाऊद एक मात्र घृणित व्यक्ति है। मैंने उसे कभी देखा नहीं है।'

आम लोग बनाएं रिश्ते प्रगाढ़ : भारत-पाकिस्तान रिश्तों पर हारुन ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों को प्रगाढ़ करने के लिए सरकारों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। इसके लिए दोनों देशों के आम लोगों को आगे आना चाहिए।

समान है मुंबई और कराची की संस्कृति : भारत और पाकिस्तान की भौगोलिक समताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के दो महानगर मुंबई और कराची की संस्कृतियां कई मायनों में समान हैं। इसलिए दिल्ली और इस्लामाबाद की राह न देखते हुए दोनों देशों की आम जनता, स्वयंसेवी संगठनों, मीडिया, शिक्षाविदों को एक-दूसरे के नजदीक आने की पहल करनी चाहिए। ये कदम दोनों देशों के रिश्तों को प्रगाढ़ करने में ज्यादा मददगार साबित हो सकते हैं।

संस्कृति पर शोध करें पुरातत्ववेत्ता: हारुन ने कहा कि दोनों देशों के पुरातत्ववेत्ताओं को मिलकर काम करने की जरूरत है। उन्हें सिंधु नदी के दक्षिण से भारत के पश्चिमी समुद्री किनारों तक की संस्कृतियों पर शोध करना चाहिए।

चर्चा को ओआरएफ के अध्यक्ष सुधींद्र कुलकर्णी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुंबई और कराची के बीच जल यातायात शुरू किया जाना चाहिए। साथ ही, पाकिस्तान को मुंबई में एवं भारत को कराची में अपने दूतावास कार्यालय खोलने चाहिए। सुधींद्र कुलकर्णी भारत और पाकिस्तान के बीच अच्छे संबंधों के हिमायती रहे हैं।

पढ़ेंः 60वें जन्मदिन पर अपने उत्तराधिकारी की घोषणा कर सकता है दाऊद!