Fazilka: डोली की जगह उठी दुल्हन की अर्थी, जयमाल के समय स्टेज पर हुई मौत; परिवार को रो-रोकर बुरा हाल
फाजिल्का के जलालाबाद के सवाह वाला गांव में एक शादी में दुल्हन अचानक स्टेज पर बेहोश हो गई। अचानक ऐसा होने से जब दुल्हन को डॉक्टर के पास लेकर जाया गया तो पता चला कि बीपी लो होने के कारण दुल्हन बेहोश हुई थी और इसके बाद उसकी मौत हो गई। परिवार की खुशियां एका एक मातम में बदल गई।
संवाद सूत्र, जलालाबाद/फाजिल्का। Bride Dead in Marriage: जलालाबाद के गांव सवाह वाला में एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शादी कर ससुराल जाने वाली दुल्हन की शादी के दौरान ही मौत हो गई। वरमाला के लिए दुल्हन जैसे ही स्टेज पर पहुंची तो उसका ब्लड प्रेशर कम हो गया। जिससे वह स्टेज पर ही बेहोश हो गई। जिसके बाद उसे जल्दी से डॉक्टर के पास ले जाया गया, जिसको डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
अचानक बेहोश हुई दुल्हन
जानकारी मुताबिक गुरुहरसहाय की रुकना बस्ती के महेंद्र कुमार थिंद के बेटे गुरप्रीत की शादी स्वाह वाला निवासी जय चंद की बेटी नीलम से 26 फरवरी को तय हुई थी। जिस दिन बारात आई उस दिन शादी की रस्मों के सभी काम किए जा रहे थे। इस दौरान आनंद कारज की रस्म खत्म होने के बाद सभी रिश्तेदार भांगड़ा कर रहे थे। वहीं सभी रिश्तेदारों द्वारा जोड़े को शगुन दिया जा रहा था, तभी अचानक लड़की का बीपी लो हो गया। इसके बाद वह बेहोश हो गई और परिजनों से डॉक्टर को दिखाने के लिए ले गए लेकिन वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डोली की जगह उठी अर्थी
इस दुखद घटना से पूरा इलाका स्तब्ध हो गया। इस दौरान जहां लड़की के माता-पिता को अपनी बेटी को विदा करना था, वहीं उन्हें उसकी अर्थी को कंधा देना पड़ा। जिसके बाद दुल्हन के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।