Lok Sabha Election 2024: पंजाब में महिलाओं पर दांव खेल BJP ने मारी बाजी, चुनावी मैदान से ही महिला सशक्तिकरण की शुरुआत
Lok Sabha Election 2024 पंजाब में आप ने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। वहीं कांग्रेस छह और शिअद भी सात प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतार चुकी है। भाजपा की अगर बात करें तो बीजेपी ने 9 सीटों पर प्रत्याशियों का एलान किया है। खास बात है कि इन प्रत्याशियों में तीन महिलाएं हैं। भाजपा अभी तक इकलौती पार्टी है जिसने पंजाब में महिला उम्मीदवारों को उतारा है।
कैलाश नाथ, चंडीगढ़। BJP Candidates in Punjab: भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में नारी सशक्तीकरण की गारंटी दी है। राज्य में पार्टी ने नौ उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जिसमें तीन महिलाओं को टिकट मिले हैं। इससे महिला सशक्तीकरण की झलक साफ दिख रही है। भाजपा छोड़कर अभी तक किसी अन्य पार्टी ने महिलाओं को टिकट नहीं दिया है।
आप सभी सीटों पर कर चुकी उम्मीदवारों का एलान
आप सभी 13 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। कांग्रेस छह और शिअद सात उम्मीदवार उतार चुकी है। शिअद और कांग्रेस की स्थिति देखें तो कोई भी पार्टी तीन महिलाओं को टिकट देने की स्थिति में दिखाई नहीं दे रही है। होशियारपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस से टिकट पाने की दौड़ में पूर्व सांसद संतोष चौधरी की बेटी नमीता चौधरी भी शामिल हैं।
बठिंडा से परमपाल कौर बनीं भाजपा की उम्मीदवार
इसी प्रकार शिअद की तरफ से पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ही महिला प्रतिनिधि के तौर पर मैदान में आ सकती हैं। भाजपा ने पटियाला से परनीत कौर, बठिंडा से परमपाल कौर मलूका और होशियारपुर से अनीता सोम प्रकाश को टिकट दे दिया है।
परनीत कौर राजनीति की पुरानी खिलाड़ी हैं। वह कांग्रेस के टिकट पर चार बार सांसद और एक बार विधायक रह चुकी हैं। अनीता सोम प्रकाश केंद्रीय राज्य मंत्री व पूर्व ब्यूरोक्रेट सोम प्रकाश की पत्नी हैं। परमपाल कौर खुद ब्यूरोक्रेट रही हैं।
यह भी पढ़ें- संगरूर से टिकट कटने पर दलवीर गोल्डी ने निकाली भड़ास, कांग्रेस को दी नीतियों पर मंथन करने की नसीहत
भाजपा में आने से पहले वह आइएएस अधिकारी थीं। विधानसभा चुनाव-2022 में आप ने महिलाओं पर बड़ा दांव खेला था। आप ने 18 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को एक हजार रुपये देने की घोषणा की थी, जिसका सीधा लाभ भी पार्टी को मिला था।
पंजाब में एक करोड़ से अधिक महिला मतदाता
आप के टिकट पर 11 महिलाएं विधायक बनकर विधानसभा में पहुंची थीं। उल्लेखनीय है कि पंजाब में एक करोड़ से अधिक महिला मतदाता हैं, जोकि किसी भी उम्मीदवार की जीत व हार में अहम भूमिका अदा करती हैं।
यही कारण है कि भाजपा के संकल्प पत्र में जो शीर्ष पांच मोदी की गारंटी दी गई हैं, उनमें तीसरे नंबर पर महिला सशक्तीकरण को रखा गया है।
वर्ष 2019 में कांग्रेस ने पटियाला से परनीत कौर के रूप में महिला उम्मीदवार को उतारा था। शिअद की तरफ से हरसिमरत कौर बादल और बीबी जगीर कौर ने चुनाव लड़ा था। आप की तरफ से प्रो. बलजिंदर कौर और नीना मित्तल मैदान में उतरी थीं।