अब डेमू ट्रेन में भी आधुनिक सुविधा
जागरण संवददाता, गोरखपुर : डेमू से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें शौचालय आदि के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। न ही डेमू की जगह पैसेंजर ट्रेन चलेगी। आनंदनगर होते हुए गोरखपुर से बढ़नी के बीच चलने वाली डेमू ट्रेन रविवार को छोड़ रोजाना तीन ट्रिप नियमित रूप से पारंपरिक रेक के साथ चलने लगी है। बड़ी बात यह है कि डेमू का रेक अत्याधुनिक है। इसमें शौचायल व अन्य प्रसाधन सुविधाएं उपलब्ध हैं।
डेमू के पुराने रेक में शौचालय व अन्य प्रसाधन नहीं था। ऐसे में यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती थी। सबसे अधिक दिक्कत महिला, बुजुर्ग और बच्चों को होती थी। तीन घंटे की यात्रा में उनके पसीने छूट जाते थे। इसी बीच डेमू ट्रेन में पिछले माह तकनीकी खामी आ गई। इसके चलते उसका संचलन प्रभावित हो गया था।
बता दें कि डेमू ट्रेन संख्या 75001 गोरखपुर से रविवार को छोड़कर रात 1.30 बजे से चलकर सुबह 4.55 बजे बढ़नी पहुंच रही है। 75003 डेमू गोरखपुर से सुबह 10.15 बजे से चलकर दिन के 1.35 बजे बढ़नी पहुंचती है। वहीं 75005 डेमू गोरखपुर से शाम को 5.55 बजे से चलकर रात 9 बजे बढ़नी पहुंचती है। वहीं, 75002 डेमू ट्रेन बढ़नी से रविवार को छोड़कर रोजाना सुबह 6.10 बजे से चलकर 9.45 बजे गोरखपुर पहुंच रही है 75004 डेमू दिन के 2.05 बजे से चलकर शाम 5.25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। 75006 डेमू ट्रेन बढ़नी से 9.30 बजे से चलकर रात 12.30 बजे गोरखपुर पहुंच रही है।