यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि : प्रमोद
मीरजापुर : उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद रेलवे सुरक्षा बल के सहायक कमांडेंट प्रमोद कुमार ने शनिवार को दोपहर में मीरजापुर व विंध्याचल स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और जहरखुरानों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया।
कहा कि रेलवे संपत्ति व यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसमें किसी भी तरह की उदासीनता क्षम्य नहीं होगी। सहायक कमांडेंट ने अवैध वेंडरों के खिलाफ भी अभियान चलाने का निर्देश दिया। कहा कि किसी भी परिस्थिति में अवैध वेंडर चलने न पाए इस बात का ख्याल रखा जाय। उन्होंने कहा कि पुराने अपराधियों की क्राइम हिस्ट्री खंगाली जाय। वर्तमान में वह क्या कर रहे हैं इसका ब्योरा एकत्र किया जाय।
विंध्याचल स्टेशन पर भी उन्होंने सतर्कता बरतने की हिदायत दी। कहा कि मां का धाम है यहां देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में दर्शनार्थी आते हैं। स्टेशन पर सुरक्षा की चाकचौबंद व्यवस्था रहनी चाहिए। यात्रियों को किसी तरह की दिक्कत न होने पाए। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक एसके वर्मा ने उन्हें क्षेत्र की आपराधिक गतिविधियों की जानकारी दी। उनके आगमन के मद्देनजर स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। इसके पूर्व उन्होंने मां विंध्यवासिनी देवी का दर्शन-पूजन किया।