मैलानी पैसेंजर के जाम हो गए चक्के, अफरातफरी
जागरण संवाददाता, पीलीभीत :
मैलानी जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का हॉट एक्सल एकाएक गरम हो गया। इससे चलते-चलते पैसेंजर ट्रेन के पहिए थम गए। पहिए के पास से धुएं की गंध और चक्के की राड गरम हो गई। हाट एक्सल गरम होने के बाद एक कोच को पूरी तरह से हटाया गया उसके बाद ही ट्रेन आगे चल सकी। इससे मुसाफिरों को काफी दिक्कतें हुई। इसी बीच माला स्टेशन से मरुधर एक्सप्रेस पास करने को लगाया गया टोकन यात्रियों ने उतार लिया। जिससे एक्सप्रेस ट्रेन को रोक दिया गया। इस पूरे मामले से पीलीभीत पूरनपुर रेल सेक्शन में परिचालन प्रभावित हो गया।
पीलीभीत से मैलानी जंक्शन को जाने वाली पैसेंजर 52223 अपने निर्धारित समय सायं छह बजे रवाना हुई। ट्रेन ने अपनी रफ्तार से माला रेलवे स्टेशन पर पहुंच रही थी तभी कोच संख्या 03701 के बेस में लगा एक्सल एकदम से गर्म हो गया। इसके बाद आग के धुएं जैसी गंध फैल गई। देखते देखते रेल कर्मियों में अफरातफरी मच गई। ट्रेन को तुरंत रुकवाकर 03701 कोच को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। एकाएक कोच को खाली कराए जाने से यात्रियों में भी हड़कंप मच गया। पीलीभीत जंक्शन से संबंधित तकनीकी खामी को दुरुस्त करने के लिए स्टाफ को भेजा गया। इसी क्रम में ऐशबाग से बरेली आ रही मरूधर एक्सप्रेस 15313 ट्रेन को भी माला स्टेशन से पहले यात्रियों ने रुकवा दिया। ट्रेन को रनथ्रू पास कराने के लिए टोकन टांगा गया था। इसे यात्रियों ने उतार लिया जिससे एक्सप्रेस ट्रेन को भी घंटो रोक लिया गया। अचानक हुए घटनाक्रम की जानकारी रेलवे कंट्रोल को दी गई तो हडकंप मच गया। इधर जंक्शन पर बरेली जाने के लिए मरुधर एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे मुसाफिर को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तय समय से एक घंटा बाद भी ट्रेन न आने के कारण मुसाफिरों ने सहायक स्टेशन मास्टर से विरोध जताते हुए हंगामा किया। इधर एएसएम के मुताबिक कोच में हाट एक्सल की वजह से दिक्कत आई है इसे सही कराया जा रहा है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर