लिंक एक्सप्रेस में चार कोच बढ़े
दुद्धी (सोनभद्र) : रेलवे ने दीपावली पर्व पर सिंगरौली-पटना लिंक एक्सप्रेस में तीन जनरल बोगी का सौगात दे दिया। इसके अलावा छठ पर्व तक के लिए एक अतिरिक्त स्लीपर कोच भी बढ़ाई गई है। शुक्रवार को लगाई गई नई कोचों के साथ शनिवार की सुबह यह एक्सप्रेस ट्रेन दुद्धी स्टेशन पर पहुंची तो यात्रियों की खुशी देखते ही बन रही थी।
रेल आंदोलन संघर्ष समिति के मांगों में प्रमुखता से शुमार इस मांग के पूरा होने पर समिति के पदाधिकारियों ने रेल अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त की। अन्य मांगों को भी शीघ्रता पूर्वक पूरी करने की बात कही। वहीं रेलवे सूत्रों की माने तो पलामू (सिंगरौली-पटना) लिंक एक्सप्रेस में इसके पहले दो जनरल, दो स्लीपर, एक एसी थ्री टीयर की सुविधा उपलब्ध थी। इसमें झारखंड व बिहार की ओर यात्रा करने वाले नियमित यात्रियों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ता था। एक-एक बोगी में दो-ढाई सौ यात्री भूसे की तरह सवार होकर यात्रा करते थे। संघर्ष समिति की इस मांग को पूरा करते हुए धनबाद मंडल के प्रबंधक बीबी सिंह के आदेशानुसार इस लिंक एक्सप्रेस में अब पांच जनरल बोगी हो गई। बिहार की लोकप्रिय छठ पर्व को दृष्टिगत रखते हुए रेलवे प्रशासन ने पर्व तक इस लिंक एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ दिया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर