दिल्ली-NCR में इस सप्ताह भीषण गर्मी और लू करेगी परेशान, रविवार रहा सीजन का सबसे गर्म दिन; 43 डिग्री तक पहुंचा पारा
लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच रविवार का दिन दिल्ली में इस सीजन का सबसे गर्म रहा। अधिकतम तापमान 41 डिग्री पार कर गया। यह अभी तक का सर्वाधिक है। कई इलाकों में तापमान 43 डिग्री तक दर्ज हुआ। इससे पूर्व 27 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग की मानें तो इस पूरे सप्ताह राहत की संभावना नहीं है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच रविवार का दिन दिल्ली में इस सीजन का सबसे गर्म रहा। अधिकतम तापमान 41 डिग्री पार कर गया। यह अभी तक का सर्वाधिक तापमान है। कई इलाकों में तापमान 43 डिग्री तक दर्ज हुआ। इससे पूर्व 27 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग की मानें तो इस पूरे सप्ताह राहत की संभावना नहीं है। दिन में लू जैसी स्थिति भी बनने लगी है।
रविवार को सुबह ही धूप खिल गई थी, जो दिन चढ़ने के साथ और तीखी होती गई। यही वजह रही कि अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 22.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 63 से 19 प्रतिशत रहा। स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां का अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया।
पूरे सप्ताह खिली रहेगी तेज धूप
मौसम विभाग का कहना है कि इस पूरे सप्ताह आसमान साफ रहने और तेज धूप खिली रहने के आसार हैं। ऐसे में गर्मी से राहत मिलना मुश्किल है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री जबकि न्यूनतम 26 डिग्री तक जा सकता है।
एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से बृहस्पतिवार को हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन उससे गर्मी कम नहीं होगी। जहां तक सोमवार का पूर्वानुमान है तो आसमान साफ रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 और 24 डिग्री रहने की संभावना है।
रविवार को दिल्ली में इन स्थानों पर तापमान ने लगाई छलांग
स्थान अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान (डिग्री में)
पालम 41.3 26.2
रिज 42.4 24.1
आयानगर 41.2 26.9
जाफरपुर 42.3 24.2
मुंगेशपुर 42.4 23.5
नजफगढ़ 43.2 25.8
पीतमपुरा 43.4 26.8
पूसा 42.6 23.6