Move to Jagran APP

तीसरे चरण की 20 हाईप्रोफाइल सीटें: दांव पर इन 10 केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिष्ठा, 4 पूर्व सीएम की अग्निपरीक्षा, बेटा-बेटी और दामाद भी मैदान में

Lok Sabha Election 2024 तीसरे चरण की 20 हाई-प्रोफाइल लोकसभा सीटों पर पूरे देश की निगाहें टिकी हैं। कर्नाटक और मध्य प्रदेश में दो-दो पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा इसी चरण में दांव पर लगी है। मोदी सरकार के 10 मंत्रियों की अग्निपरीक्षा भी तीसरे चरण में हैं। इनके अलावा कई नेताओं के बेटे-बहू और बेटी भी चुनाव मैदान में हैं।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Published: Mon, 06 May 2024 06:27 AM (IST)Updated: Tue, 07 May 2024 06:49 AM (IST)
लोकसभा चुनाव 2024: तीसरे चरण की 20 हाई-प्रोफाइल सीटों पर सबकी निगाहें।

चुनाव डेस्क, नई दिल्ली। तीसरे चरण में 11 राज्यों की कुल 93 लोकसभा सीटों पर 1331 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें से कई सीटों पर दिग्गजों की साख दांव पर है। इसी चरण में 10 केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिष्ठा भी लगी है। वहीं चार पूर्व मुख्यमंत्रियों की अग्निपरीक्षा है।

loksabha election banner

यह भी पढ़ें: तीसरे चरण में सात मई को 12 राज्यों की इन 95 सीटों पर मतदान, 1352 प्रत्याशियों की अग्निपरीक्षा

तीसरे चरण में ही कर्नाटक की गुलबर्गा लोकसभा सीट से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दामाद चुनाव मैदान में हैं। दो पूर्व मुख्यमंत्रियों बीएस येदियुरप्पा और कल्याण सिंह के बेटों की किस्मत का फैसला इसी चरण में है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की बहू डिंपल यादव उनकी कर्मभूमि मैनपुरी से सियासी रण में हैं।

तो आइए नजर डालते हैं तीसरे चरण की 20 हाई प्रोफाइल लोकसभा सीटों पर...

गांधीनगर लोकसभा सीट

गुजरात की गांधीनगर लोकसभा सीट से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दूसरी बार चुनाव मैदान में हैं। शाह के सामने कांग्रेस ने सोनल रमणभाई पटेल को टिकट दिया है। बहजन समाज पार्टी (बसपा) से मोहम्मद दानिश देसाई अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस सीट पर आठ निर्दलीय समेत कुल 14 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं।

गुना लोकसभा सीट

मध्य प्रदेश की गुना लोकसभा सीट की गिनती हाई-प्रोफाइल सीट में होती है। यहां से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को उतारा है। पिछले चुनाव में सिंधिया को भाजपा प्रत्याशी ने इसी सीट पर शिकस्त दी थी। बसपा से धनीराम चौधरी और कांग्रेस से यादवेंद्र राव देशराज सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर सात निर्दलीय समेत कुल 15 प्रत्याशी मैदान में हैं।

रत्नागिरी सिंधु दुर्ग लोकसभा सीट

महाराष्ट्र की रत्नागिरी सिंधु दुर्ग सीट पर भाजपा प्रत्याशी एवं केंद्रीय मंत्री नारायण राणे का मुकाबला शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रत्याशी विनायक राउत से है। यहां तीन निर्दलीय समेत नौ प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

आगरा लोकसभा सीट

उत्तर प्रदेश की आगरा लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। बघेल के खिलाफ बसपा ने पूजा अमरोही और समाजवादी पार्टी (सपा) ने सुरेश चंद्र को खड़ा किया है। आगरा सीट पर तीन निर्दलीय समेत कुल 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

उत्तर गोवा लोकसभा सीट

इस सीट पर भाजपा से केंद्रीय मंत्री श्रीपाद यसो नाइक चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने बसपा के मिलन आर. वायंगणकार और कांग्रेस के रमाकांत खलप की चुनौती है। यहां तीन निर्दलीय समेत कुल आठ प्रत्याशी मैदान में हैं।

राजकोट लोकसभा सीट

गुजरात की राजकोट सीट पर भाजपा की टिकट पर केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला चुनाव लड़ रहे हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस ने धानानी परेश और बसपा ने चमनभाई नागजीभाई सवसानी को अपना प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर छह निर्दलीय समेत कुल नौ प्रत्याशी खड़े हैं।

पोरबंदर लोकसभा सीट

गुजरात की पोरबंदर सीट पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया की प्रतिष्ठा लगी है। कांग्रेस ने ललित वसोया और बसपा से एनपी राठोड को उतारा है। यहां छह निर्दलीय समेत कुल 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

खेड़ा लोकसभा सीट

केंद्रीय मंत्री देवु सिंह चौहान गुजरात की खेड़ा लोकसभा सीट से तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस ने कालु सिंह डाभी और बसपा से भाईलालभाई कालुभाई पांडव को उतारा है। तीन निर्दलीय समेत कुल 12 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

बीदर लोकसभा सीट

कर्नाटक की बीदर सीट पर केंद्रीय राज्य मंत्री भगवंत खुबा के सामने कांग्रेस ने सागर ईश्वर खद्रे और बसपा ने पुटराज को टिकट दिया है। यहां 10 निर्दलीय समेत कुल 18 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं।

धारवाड़ लोकसभा सीट

कर्नाटक की धारवाड़ लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। उनके सामने कांग्रेस के विनोद असूती की चुनौती है। इस सीट पर छह निर्दलीय समेत कुल 17 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

ये पूर्व मुख्यमंत्री भी चुनाव मैदान में

बेलगाम लोकसभा सीट

कर्नाटक की बेलगाम सीट पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार की साख दांव पर है। वे भाजपा की टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस ने मृणाल आर. हेब्बालकर और बसपा ने अशोक अप्पाया अप्पुगोल को उतारा है। सात निर्दलीय समेत कुल 13 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

हावेरी लोकसभा सीट

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भाजपा की टिकट पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। कांग्रेस ने यहां आनंदस्वामी गड्डदेवरमठ को प्रत्याशी बनाया है। पांच निर्दलीय समेत कुल 14 प्रत्याशी मैदान में हैं।

विदिशा लोकसभा सीट

मध्य प्रदेश की विदिशा लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने कांग्रेस के प्रतापभानु शर्मा और बसपा के किशन लाल की चुनौती है। विदिशा में चार निर्दलीय समेत कुल 13 प्रत्याशी मैदान में हैं।

राजगढ़ लोकसभा सीट

मध्य प्रदेश की राजगढ़ लोकसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 33 साल बाद मैदान में हैं। दिग्विजय सिंह के खिलाफ भाजपा ने रोडमल नागर और बसपा ने डॉ. राजेंद्र सूर्यवंशी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। यहां छह निर्दलीय समेत कुल 15 प्रत्याशी में हैं। रोडमल नागर मौजूदा सांसद भी हैं।

यहां विरासत संभालने की जिम्मेदारी

गुलबर्गा लोकसभा सीट

कर्नाटक की गुलबर्गा सीट कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रतिष्ठा का सवाल बनी है। दरअसल, कांग्रेस की टिकट पर यहां से खरगे के दामाद राधाकृष्ण डोड्डामणि चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने उनके खिलाफ डॉ. उमेश जी. जाधव और बसपा ने हुचेश्वरा वाथर गौर को उतारा है। यहां छह निर्दलीय समेत कुल 14 प्रत्याशी मैदान में हैं।

बारामती लोकसभा सीट

महाराष्ट्र की बारामती लोकसभी सीट पर इस बार दिलचस्प मुकाबला है। नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी से अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार मैदान में तो वहीं उनकी ननद और शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की टिकट पर चुनौती दे रही हैं।

मैनपुरी लोकसभा सीट

उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट दिवंगत मुलायम सिंह की कर्मभूमि रही है। अब यहां से उनकी बहू और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव अपनी किस्मत आजमा रही हैं। भाजपा ने उनके खिलाफ जयवीर सिंह और बसपा ने शिवप्रसाद यादव को उतारा है। यहां दो निर्दलीय समेत आठ प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं।

यह भी पढ़ें: 11 राज्‍यों की 93 सीटों पर मतदान आज, आपके यहां कितने बजे तक होगी वोटिंग? बूथ पर होंगे ये खास इंतजाम

एटा लोकसभा सीट

उत्तर प्रदेश की एटा लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह राजू भैया भाजपा की टिकट पर एक बार फिर मैदान में हैं। यहां सपा से देवेंद्र शाक्य और बसपा से मोहम्मद इरफान चुनाव लड़ रहे हैं। चार निर्दलीय समेत कुल 10 प्रत्याशी खड़े हैं।

शिमोगा लोकसभा सीट

कर्नाटक की शिमोगा लोकसभा सीट से राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई राघवेंद्र भाजपा की टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस ने गीता शिवराजकुमार और बसपा ने एडी शिवप्पा को उतारा है। इस सीट पर 17 निर्दलीय समेत कुल 23 प्रत्याशी मैदान में हैं।

कोरबा लोकसभा सीट

छत्तीसगढ़ की कोरबा लोकसभा सीट भी हाई-प्रोफाइल हैं। यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री चरणदास महंत की पत्नी और वर्तमान सांसद ज्योत्सना चरण महंत कांग्रेस की टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने भाजपा ने सरोज पांडेय को टिकट दिया है। बसपा से दूजराज बौद्ध मैदान में हैं। इस सीट पर 18 निर्दलीय समेत कुल 27 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: तीसरे चरण में मध्य प्रदेश में 14% दागी प्रत्याशी, सिंधिया सबसे रईस; बसपा उम्मीदवार पर 351 करोड़ की देनदारी


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.