Move to Jagran APP

चीन को पीछे छोड़ भारत बना सबसे बड़ा दोपहिया वाहन बाजार

भारत दुनिया का सबसे बड़ा दोपहिया वाहन बाजार बन गया है। भारत ने यह मुकाम चीन को पीछे करके हासिल किया है। चीन में लोग हाल के समय में मोटरसाइकिल और स्कूटर की जगह ई-साइकिल का ऑप्शन चुन रहे हैं। हालांकि चीन में 125 सीसी से कम क्षमता वाले दोपहिया वाहन लोकप्रिय बने हुए हैं। इस साल की पहली छमाही के दौरान 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

By Agency Edited By: Mrityunjay Chaudhary Updated: Fri, 18 Oct 2024 08:00 PM (IST)
Hero Image
भारत बना सबसे बड़ा दोपहिया वाहन बाजार।

नई दिल्ली, आइएएनएस। चीन को पीछे छोड़ भारत दुनिया का सबसे बड़ा दोपहिया वाहन बाजार बन गया है। ग्रामीण इलाकों में बढ़ती मांग, अनुकूल मानसून की स्थिति और ग्रामीण विकास के लिए सरकार की पहल इसकी बड़ी वजह है। काउंटरपाइंट रिसर्च के अनुसार, वैश्विक स्तर पर 2024 की पहली छमाही के दौरान दोपहिया वाहनों की बिक्री में चार प्रतिशत (साल-दर-साल) की वृद्धि दर्ज की गई। खास बात यह है कि भारत, यूरोप, उत्तरी अमेरिका, दक्षिण अमेरिका, पश्चिम एशिया और अफ्रीका में बिक्री में वृद्धि दर्ज की गई जबकि चीन और दक्षिण-पूर्व एशिया में बिक्री में गिरावट दर्ज की गई।

चीन में ज्याद चला रहे ई-साइकिल

वरिष्ठ विश्लेषक सोमने मंडल ने कहा कि भारत के दोपहिया वाहन बाजार में इस साल की पहली छमाही के दौरान 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि इस मजबूत प्रदर्शन ने भारत को चीन से आगे निकलने और दुनिया का सबसे बड़ा दोपहिया वाहन बाजार बनने में मदद की। भारत में इस वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में दोपहिया वाहनों में मजबूत दोहरे अंकों की वृद्धि (साल-दर-साल) देखी गई। चीन में 125 सीसी से कम क्षमता वाले दोपहिया वाहन लोकप्रिय बने हुए हैं, लेकिन अब वहां के लोग आने-जाने के लिए मोटरसाइकिल और स्कूटर की जगह ई-साइकिल का विकल्प चुन रहे हैं।

यह भी पढ़ें- दिवाली में खरीदने जा रहे नई कार, धोखाधड़ी से बचने को 8 बातों का रखें ध्यान

गिरावट के पीछे की वजह

उधर, दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों इंडोनेशिया, वियतनाम, फिलीपींस, थाइलैंड और मलेशिया में भू-राजनीति तनाव, सख्त ऋण मानदंड और सतर्क उपभोक्ता खर्च के चलते दोपहिया वाहनों की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है। शीर्ष-10 वैश्विक दोपहिया वाहन निर्माताओं ने चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में कुल बिक्री का 75 प्रतिशत से अधिक हिस्सा हासिल किया। वैश्विक दोपहिया वाहन बाजार में होंडा ने अपनी अग्रणी स्थिति बरकरार रखी है। इसके बाद हीरो मोटोकार्प, यामाहा, टीवीएस मोटर और याडिया का स्थान रहा। शीर्ष-10 ब्रांडों में टीवीएस मोटर सबसे तेजी से बढ़ने वाला ब्रांड (सालाना आधार पर 25 प्रतिशत की वृद्धि) रहा। याडिया में सबसे ज्यादा गिरावट (सालाना आधार पर 29 प्रतिशत की गिरावट) गिरावट दर्ज की गई और यह पांचवें स्थान खिसक गई।

यह भी पढ़ें- क्‍या होती है PDI, दिवाली के मौके पर लेने जा रहे हैं डिलीवरी तो किन बातों का रखना चाहिए ध्‍यान, पढ़ें पूरी खबर