Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Amit Shah: अमित शाह बोले- बिहार में जल्द होंगे चुनाव, BJP सरकार बनते ही सीमांत क्षेत्र की समस्याएं दूर होंगी

बिहार के मधुबनी में रैली को संबोधित करने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अररिया पहुंचे। इस दौरान जोगबनी स्थित आईसीपी में नवनर्मित बीजीएफ क्वार्टर का उद्घाटन किया। वहीं जिले में आयोजित जनसभा को संबोधित किया और सीमांत क्षेत्रों में रह रहे लोगों की परेशानियों को लेकर कई बातें कही। आइए जानते हैं इस दौरान गृह मंत्री ने क्या कुछ कहा।

By Jagran NewsEdited By: Shashank ShekharUpdated: Sat, 16 Sep 2023 07:06 PM (IST)
Hero Image
अमित शाह बोले- बिहार में जल्द होंगे चुनाव, BJP सरकार बनते ही सीमांत क्षेत्र की समस्याएं दूर होंगी

जागरण डिजिटल डेस्क, अररिया। मधुबनी के बाद अररिया पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जिले के जोगबनी स्थित आईसीपी में नवनर्मित बीजीएफ क्वार्टर का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद गृह मंत्री ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीमांत क्षेत्र की समस्याओं का जिक्र किया।

बिहार की समस्याएं जानता हूं- अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा,

मैं बिहार की सीमा की सारी दिक्कतों (घुसपैठ, भूमि कब्जाने, अवैध व्यापार) से परिचित हूं। मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि बिहार के अंदर जल्द ही चुनाव होने जा रहा है और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार यहां बनेगी।

उन्होंने कहा कि बिहार की सीमांत क्षेत्र की जितनी भी समस्याएं हैं, उनका हल केंद्र और राज्य की सरकार मिलकर तुष्टिकरण की नीति के बगैर कठोर दृष्टि और कठोर भाव से कदम उठाए हैं।

पड़ोसी देशों से संबंध सुधार सकते हैं- शाह

लैंड पोर्ट अथॉरिटी की सुविधाओं में एक नया बिंदु जोड़ा जा रहा है। भारत एक ऐसा देश है, जिसकी 15 हजार किमी. की सीमाएं पड़ोसी देश के साथ लगी हुई है।

ये भूमि सीमा ना केवल व्यापार के लिए उपयोगी है। हमारे पड़ोसी देशों के साथ सांस्कृतिक, सामाजिक और व्यापारिक संबंधों को सुदृढ़ करने के लिए भी इस सीमा का उपयोग किया जा सकता है।

'लैंड पोर्ट अथॉरिटी सांस्कृतिक-वाणिज्यिक राजदूत का काम करेगी'

गृह मंत्री ने कहा कि देश के पीएम मोदी ने इसी को दृष्टिगत रखते हुए लैंड पोर्ट अथॉरिटी को और ज्यादा सक्षम बनाने का बीड़ा उठाया है। मुझे भरोसा है कि आने वाले 5-6 साल के अंदर ये लैंड पोर्ट अथॉरिटी सिर्फ व्यापार का या आवागमन का केंद्र नहीं बनेगी।

अथॉरिटी के सारे संस्थान जहां-जहां भी स्थापित हैं, वो हमारे पड़ोसी देशों की सीमा पर भारत के सांस्कृतिक और वाणिज्यिक राजदूत का भी काम करेंगे।

व्यवस्था बनाना ही लैंड पोर्ट अथॉरिटी का उद्देश्य- अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि हमारे पड़ोसियों के लिए भारत का पहला संवाद केंद्र यहां की सुविधाओं को आधुनिक करना और आवागमन व व्यापार सुचारू रूप से चल पाएं, इस प्रकार की व्यवस्था खड़ी करना यही लैंड पोर्ट अथॉरिटी का उद्देश्य है।

मित्र देशों के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान- अमित शाह

गृह मंत्री ने कहा कि आज अथॉरिटी द्वारा 27 करोड़ की लागत से बने आवासों का लोकर्पण हुआ है। एसएसबी के 35 करोड़ की लागत से कार्यालयी भवनों का लोकार्पण हुआ है।

सीमा सुरक्षा बल हमारे दो मित्र देश नेपाल और भूटान की सीमा पर सुरक्षा से ज्यादा सांस्कृतिक आदान-प्रदान का काम भी करता है।

भारत-चीन युद्ध के बाद सीमा सुरक्षा बलों ने सीमा की सुरक्षा की- शाह

उन्होंने कहा कि 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद से लेकर आज तक सीमा सुरक्षा बलों ने उसके समर्पित जवानों ने ना केवल सीमा की सुरक्षा की है, सीमांत क्षेत्र में जो गांव हैं उनकी सांस्कृतिक पहचान और भारत के साथ जुड़ाव को और सुदृढ़ करने का काम किया है।

अमित शाह ने कहा कि आज मैं बताना चाहता हूं कि सीमा सुरक्षा बल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की गांव के गरीबों के लिए जितनी भी योजनाएं हैं उनके क्रियान्वयन में भी जिला समाहर्ता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं।

एसएसबी के पदाधिकारियों का अभिनंदन- अमित शाह

गृह मंत्री ने लोगों एसएसबी के जवान की तारीफ करते हुए कहा कि चाहे कोरोना की आपदा हो। चाहे बाढ़ आई हो। हर जगह पर सीमा सुरक्षा बल के हमारे जवान भाई-बहनों ने मानवता का एक उत्कृष्ठ संदेश सीमांत क्षेत्र में पहुंचाया है। मैं आज इस मौके पर एसएसबी के सभी पदाधिकारियों का बहुत हृदय से साधुवाद-अभिनंदन करना चाहता हूं।

आंकड़ा और बढ़ेगा- शाह

उन्होंने कहा कि लगभग यहां पर जो 7485 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में लैंड पोर्ट अथॉरिटी बनी है। उसका औसत व्यापारिक आंकड़ा 10 हजार 500 करोड़ रुपये है। आने वाले दिनों में नेपाल के साथ जुड़ी बाकी की तीन लैंड पोर्ट बनने के साथ ही ये आंकड़ा और बढ़ेगा। कई बार लोग सोचते हैं कि और तीन बनेगी तो औसत कम आएगा, लेकिन ऐसा नहीं होगा।

नेपाल के साथ बढ़ेगा व्यापार- अमित शाह 

गृह मंत्री अमित शाह ने नेपाल से रिश्ते को लेकर कहा कि इससे दोनों देशों में व्यापार बढ़ेगा। तीन से छह चौकियां बनने के बाद भी व्यापार का आंकड़ा निश्चित रूप से बढ़ने वाला है।

उन्होंने कहा कि लैंड पोर्ट के माध्यम से नेपाल के साथ कोऑर्डिनेशन, कॉलेबरेशन और कॉपरेशन तीनों क्षेत्रों के अंदर बहुत अच्छे तरीके से वृद्धि हुई है। रोज की सात हजार ट्रकों की आवाजाही यहीं से होती है। भारत-नेपाल के कुल व्यापार का 14 प्रतिशत यहीं लैंड पोर्ट अथॉरिटी की चेक पोस्ट से होता है।

अंतिम गांव तक विकास- गृह मंत्री

अमित शाह ने कहा कि पहले एक जमाना था। बॉर्डर पर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के नाम पर कोई चिंता नहीं की जाती थी। नरेंद्र मोदी के आने के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों के इंफ्रास्ट्रक्चर पर ढंग से चिंता करके आज भारत के अंतिम गांव को देश का प्रथम गांव बनाने का काम किया गया है।

कनेक्टिविटी की सारी दिक्कतें दूर- अमित शाह

उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी की सारी दिक्कतों को दूर करके सारी कल्याणकारी योजनाओं को गांव तक पहुंचाने का काम किया है। भू-सीमा से पहले ट्रेड असंभव सा था। ज्यादातर ट्रेड अवैध रूप से चलता था। आज वैधानिक रूप से ट्रेड को बढ़ावा मिला है। अवैध ट्रेड का प्रतिशत बहुत नीचे गया है।

अमित शाह ने कहा कि इसके साथ-साथ पीपुल टू पीपुल कनेक्ट भी मजबूत हुआ है। ये बहुत महत्वपूर्ण है। हमारे पड़ोसी देशों के साथ हमारा पीपुल टू पीपुल कनेक्ट बढ़े यह बहुत जरूरी है। इस सब कामों के लिए लैंड पोर्ट अथॉरिटी एक वन स्टॉप सॉल्यूशन है।

10 लैंड कस्टम स्टेशन बिहार में बनेंगे- अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि एक ही जगह पर इन सारे उद्देश्यों की पूर्ति इस अथॉरिटी के माध्यम से हो रही है। अब तक 11 लैंड पोर्ट का विकास हो चुका है। कई सारे पाइप लाइन में हैं। भारत और नेपाल के बीच में तो 19 लैंड कस्टम स्टेशनों की भी पहचान कर ली गई है। मैं बिहार के वासियों को बताना चाहता हूं 19 में से 10 बिहार सीमा पर हैं।

उन्होंने कहा कि आपके व्यापार की बढ़ोत्तरी बड़ी मात्रा में होने वाली है। सीतामढ़ी में बैरगनिया, सुपौल में भीमनगर और पुनौली, मधुबनी में जयनगर, चंपारण में सिकटा और वाल्मिकीनगर, किशनगंज में गलगालिया, मधुबनी में लौकहा और विप्रोन, सहरसा में सोनाबरसा। कुल मिलाकर 10 लैंड कस्टम स्टेशन बिहार में बनने वाले हैं।

समस्याओं का अंत होने वाला है- शाह

अंत में अमित शाह ने कहा कि मैं आज ये दोनों संगठनों को बहुत बधाई देना चाहता हूं कि आज से आपकी सुविधाओं में बहुत बड़ा इजाफा होने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यहां जो भाई-बहन उपस्थित हैं, उन सभी को मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि सीमांत क्षेत्र की सारी दिक्कतें अब अल्पजीवी हैं। बिहार में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के साथ ही इनका समाधान और अंत होने वाला है।

एयरपोर्ट पर प्रदेश व जिलाध्यक्ष ने किया गृह मंत्री का स्वागत

दरभंगा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी के साथ दरभंगा जिलाध्यक्ष जीवछ सहनी ने स्थानीय एयरपोर्ट पर गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत वैदेही की जन्मभूमि पर मिथिला के परंपरागत परिधान से किया।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इनके आगमन से कार्यकर्ताओं के साथ आमजन में नवीन उर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। उनका आगमन 40 में 40 सीट के जीत का आगाज है।

जीवछ सहनी ने कहा कि आशा एवं विश्वास के वातावरण के साथ दरभंगा के कार्यकर्ताओं और आमजन ने भारी संख्या में उपस्थित होकर अपने चहेते नेता का जयघोष किया।

उन्होंने कहा कि इनके दृढ़ विश्वास का परिणाम है कि कश्मीर 370 से मुक्त हुआ और आने वाले दिन में उनके कुशल नेतृत्व की बदौलत बिहारवासियों को जंगलराज से मुक्ति मिलेगी। दरभंगा के कई योजनाओं के साथ एम्स पर भारत सरकार के दृष्टिकोण स्वागत योग्य है।

यह भी पढ़ें: Amit Shah Rally Bihar: गृह मंत्री अमित शाह का लालू-नीतीश पर प्रहार, इन पांच मुद्दों को लेकर जमकर घेरा