Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Araria Lok Sabha Result 2024: अररिया सीट पर BJP की हैट्रिक, RJD के प्रत्याशी को इतने मतों से दी मात

Araria Lok Sabha Result 2024 अररिया लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार ने तीसरी बार जीत दर्ज कर ली है। यह क्षेत्र 1967 में अस्तित्व में आया। अब तक 15 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस जनता पार्टी जनता दल राजद और भाजपा के प्रत्याशी संसद में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। सबसे अधिक पांच बार यहां से सुकदेव पासवान अलग-अलग पार्टी से यहां से सांसद रहे हैं।

By Sanjeev Kumar Edited By: Sanjeev Kumar Updated: Tue, 04 Jun 2024 08:05 AM (IST)
Hero Image
भाजपा प्रत्याशी प्रदीप कुमार सिंह को जीत का प्रमाण पत्र देती जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम इनायत खान।

डिजिटल डेस्क, अररिया। Araria Lok Sabha Election Result 2024: अररिया लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रदीप कुमार सिंह ने तीसरी बार जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के शहनवाज को 20,094 मतों के अंतर से हराया। प्रदीप कुमार सिंह को 6,00146 मत तो दूसरे स्थान पर रहे राजद के शाहनवाज को 5,80,052 मत मिला।

तीसरे स्थान पर रहे निर्दलीय प्रत्याशी शत्रुघ्न प्रसाद सुमन को 13746 मत मिले। जबकि नोटा में 13,504 मत पड़े। पोस्टल बैलेट में प्रदीप कुमार सिंह को 1028 मत तो शहनवाज को 1148 मत मिले।

मंगलवार को कृषि उत्पादन बाजार समिति स्थित मतगणना कक्ष में सभी छह विधानसभा वार जोकीहाट, नरपतगंज, फारबिसगंज, रानीगंज, अररिया और सिकटी के मतों की गिनती की गई। मतगणना की पूरी प्रक्रिया 26 राउंड में चली। वहीं, पोस्टल बैलेट की मतगणना अलग से की गई। मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई थी।

संध्या छह बजे अंतिम 26वें राउंड की मतगणना संपन्न हुई। इसके बाद लोकसभा चुनाव के नव निर्वाचित प्रत्याशी भाजपा के प्रदीप कुमार सिंह को जिला निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी इनायत खान ने मतगणना केंद्र में बने कंट्रोल रूम में जीत का प्रमाण पत्र दिया।

अररिया में 2024 का चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के नाम

  • मो. गौसुल आजम, बहुजन समाज पार्टी
  • प्रदीप कुमार सिंह, भारतीय जनता पार्टी
  • शाहनवाज, राष्ट्रीय जनता दल
  • मो इसमाईल, भारतीय मोमिन फ्रंट
  • जावेद अख्तर, दि नेशनल रोडमैप पार्टी ऑफ इण्डिया
  • अखिलेश कुमार, निर्दलीय
  • मुश्ताक आलम, निर्दलीय
  • मो. मूबिनुल हक, निर्दलीय
  • शत्रुघ्न प्रसाद सुमन, निर्दलीय

अररिया सीट का इतिहास

Bihar Lok Sabha Chunav Result 2024: अररिया लोकसभा क्षेत्र 1967 में अस्तित्व में आया था। बिहार की इस सीट पर अब तक हुए 15 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस, जनता पार्टी, जनता दल, राजद और भाजपा के प्रत्याशी संसद में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। खास बात यह है कि इस सीट पर सबसे अधिक पांच बार सुकदेव पासवान अलग-अलग पार्टी से सांसद चुने गए हैं।

बता दें कि शुरुआती दौर में इस सीट पर कांग्रेस पार्टी का दबदबा था। साल 1977 में भारतीय लोक दल से महेंद्र नारायण सरदार ने यहां जीत हासिल की थी। साल 1980 और 1984 में कांग्रेस से डुमर लाल बैठा जीते थे और केंद्र में मंत्री भी बनाए गए थे। वर्ष 1984 के बाद कांग्रेस की वापसी नहीं हुई है। इस सीट पर अबतक कांग्रेस और भाजपा के 4-4, भारतीय लोक दल के 1 तथा जनता दल व राजद के 3-3 प्रत्याशी अपनी जीत दर्ज कर चुके हैं।

अररिया सीट का समीकरण

अररिया सीट पर ध्रुवीकरण की संभावना बनी रहती है। मुस्लिम समुदाय की दो प्रमुख जाति कुल्हैया और शेखरा की आबादी क्षेत्र में अधिक है। इसके अलावे अंसारी, शेरशाहबादी, सब्जी फरोश, फकीर, चुनिया आदि जातियां भी हैं। जबकि हिंदुओं में यादव व अति पिछडा वर्ग का वोट सबसे अधिक है। अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के मतदाता भी चुनाव परिणाम को प्रभावित करने का मादा रखते हैं।

  • अररिया में कुल मतदाता : 20,05,830
  • अररिया में पुरुष मतदाता : 10,43,512
  • अररिया में महिला मतदाता : 9,62,225
  • अररिया में मंगलामुखी मतदाता : 93

इन्होंने किया प्रतिनिधित्व

  • 1967 तुलमोहन राम, कांग्रेस
  • 1971 तुलमोहन राम, कांग्रेस
  • 1977 महेंद्र नारायण सरदार, बीएलडी
  • 1980 डुमरलाल बैठा, कांग्रेस
  • 1984 डुमरलाल बैठा, कांग्रेस
  • 1989 सुकदेव पासवान, जनता दल
  • 1991 सुकदेव पासवान, जनता दल
  • 1996 सुकदेव पासवान, जनता दल
  • 1998 रामजी दास ऋषिदवे, भाजपा
  • 1999 सुकदेव पासवान, राजद
  • 2004 सुकदेव पासवान, भाजपा
  • 2009 प्रदीप कुमार सिंह, भाजपा
  • 2014 मो. तस्लीमुद्दीन, राजद
  • 2018 उपचुनाव सरफराज आलम, राजद
  • 2019 प्रदीप कुमार सिंह, भाजपा

ये भी पढ़ें

Kishanganj Lok Sabha Chunav Result: क्या किशनगंज सीट पर ओवैसी की पार्टी मार लेगी बाजी? यहां पढ़िए सबसे तेज अपडेट

Begusarai Lok Sabha Chunav Result: क्या बेगूसराय में अवधेश राय करेंगे खेला? पढ़ें सबसे तेज अपडेट यहां