Move to Jagran APP

रांची से इलाहाबाद जा रही थी बस, औरंगाबाद में GT रोड पर हुआ हादसा; सह चालक की मौत और 9 यात्री घायल

Bus Accident In Aurangabad बिहार के औरंगाबाद में एक बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर में एक सह चालक की मौत हो गई और नौ यात्री घायल हो गए। घायल यात्री अलग-अलग राज्यों से हैं जिनमें झारखंड मध्य प्रदेश उत्तर प्रदेश और अन्य शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।

By Vidya sagar Edited By: Mukul Kumar Updated: Sun, 27 Oct 2024 11:31 AM (IST)
Hero Image
औरंगाबाद में GT रोड पर हुई बड़ी दुर्घटना
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के ताराडीह गांव के पास जीटी रोड पर रविवार कि अहले सुबह पांच बजे के करीब यात्रियों से भरी बस ने ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी‌।

घटना में सह चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि नौ यात्री घायल हो गए। सह चालक उत्तर प्रदेश राज्य के प्रयागराज जिले के बजहा मिश्रण घिसापुर निवासी रंगलाल के 31 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार के है।

अलग-अलग राज्य के हैं घायल यात्री

घायलों में झारखंड राज्य के रांची हरमू रोड निवासी रामनिवास, मध्य प्रदेश राज्य के रीवा जिले के चाकघाट निवासी पल्लवी पांडे, उत्तर प्रदेश राज्य के चंदौली जिला के कमालपुर निवासी विकास कुमार, रायबरेली जिले के नगदीलपुर निवासी आकाश कुमार, प्रयागराज जिले के देवापुर निवासी दिवाकर पांडे, कानपुर निवासी सिद्धार्थ तिवारी, वाराणसी जिले के रामपुर निवासी मनोज कुमार, जौनपुर जिले के सैदोपुर निवासी संतोष कुमार एवं देवरिया जिले के रामपुर कारखाना निवासी शैलेश कुमार है।

सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने मदनपुर थाना की पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर में भर्ती कराया। ड्यूटी पर रहे चिकित्सकों के द्वारा उपचार किया गया। पुलिस ने शव को  कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बस रांची से इलाहाबाद जा रही थी। जैसे ही बस ताराडीह गांव के पास पहुंची कि आगे जा रही एक ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

औरंगाबाद-अंबा पथ में दोमुहान पुल के पास हुई एक और दुर्घटना 

उधर, औरंगाबाद में रिसियप थाना क्षेत्र में दोमुहान पुल के पास शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार ट्रक के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दो युवक घायल हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि रिसियप थान क्षेत्र के अमौना गांव निवासी 27 वर्षीय प्रभात रंजन की मौत हुई है।

घायल अमौना गांव निवासी 28 वर्षीय पवन कुमार एवं 27 वर्षीय निखिल कुमार का इलाज सदर अस्पताल में किया गया। पुलिस वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। ड्यूटी पर रहे चिकित्सकों ने प्रभात को मृत घोषित कर दिया। घायलों का उपचार किया।

सदर अस्पताल में घायल पवन ने बताया कि दो दोस्तों के साथ बाइक से अंबा बाजार गए थे। वहां से लौट रहे थे कि दोमुहान पुल के समीप पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया। टक्कर के बाद प्रभात सड़क पर गिर गया और ट्रक के पहिए ने कुचल दिया।

घटना की सूचना स्वजनो को अमौना गांव में मिली तो स्वजन सदर अस्पताल पहुंचे। युवक के शव को देखकर रोने लगे। मां रोते हुए बार-बार बेहोश हो रही थी। जब होश आता अपने पुत्र को खोज रही थी। बता दें कि युवक के पिता सुरेंद्र मेहता का तीन वर्ष पहले आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में दुर्घटना में मौत हो गई थी।

उनकी मौत के बाद घर की सारी जिम्मेदारी प्रभात के कंधों पर थी। अब उसके नहीं रहने से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना पर सदर अस्पताल पहुंचे नबीनगर विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डबलू सिंह ने स्वजनों से मिलकर ढाढ़स बंधाया। मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिए।

इधर घटना की सूचना पर सदर अस्पताल पहुंची नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और स्वजनों को सौंप दिया है।

यह भी पढ़ें-

RJD ने शराब बनाने वाली कंपनी से कब लिया 46 करोड़ का चंदा? सामने आई अंदर की बात, बिहार में मचा घमासान

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।