Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बांका: शादी समारोह में जहरीला खाना खाकर 200 से अधिक लोग बीमार, गांव में मेडिकल कैंप लगाकर किया जा रहा इलाज

चांदन प्रखंड के खीड़ा गांव में गुरुवार की रात एक शादी समारोह में विषाक्त भोजन खाने से गांव के ही दो सौ अधिक लोग बीमार हो गए। बीमार लोगों में 50 बच्चे और सौ के करीब महिलाएं हैं।

By Jagran NewsEdited By: Prateek JainUpdated: Sun, 11 Jun 2023 05:06 PM (IST)
Hero Image
बांका: शादी समारोह में विषाक्त खाना खाकर दो सौ से अधिक लोग बीमार

बांका, संवाद सूत्र: चांदन प्रखंड के खीड़ा गांव में गुरुवार की रात एक शादी समारोह में विषाक्त भोजन खाने से गांव के ही दो सौ अधिक लोग बीमार हो गए। बीमार लोगों में 50 बच्चे और सौ के करीब महिलाएं हैं।

लोगों की तबीयत बिगड़ने के मामले सामने आने पर गांव में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप लगाकर लोगों का इलाज कर रही है।

बताया जा रहा है कि चांदन प्रखंड के खीड़ा गांव में बाबर अंसारी के बेटे और बेटी की शादी आठ जून को थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद आठ जून की रात गांव के लोगों ने मुर्गा-चावल भोज खाया।

खाना खाने के बाद सभी लोग अपने-अपने घर लौट आए। इसी बीच शाम को कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ने के मामले सामने आने पर गांव में हड़कंप मच गया। नौ जून की रात तक भोज खाकर लौटे लोग अचानक उल्टी व सिरदर्द से परेशान हो गए।

मेडिकल टीम गांव में कर रही है कैंप

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम 10 जून को गांव पहुंची। इसके बाद बीमार लोगों का उपचार उनके घर पर ही हो रहा है। पूरे गांव में अफरा-तफरी व कोहराम मच गया है। कई लोगों ने निजी अस्पताल की ओर रुख किया है।

गांव के लोगों ने बताया कि इलाज के बाद कुछ बीमार लोगों की हालत में सुधार आया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही गांव में पहुंच कर कैंप लगाया गया। इसके बाद सभी का इलाज किया गया। सभी लोग खतरे से बाहर हैं।

भोज में मुर्गा-चावल का था इंतजाम

खीड़ा गांव में गुरुवार की रात बाबर अंसारी के बेटे इंतियाम अंसारी और बेटी खुशबू खातून की शादी थी। भोज में मुर्गा-चावल का इंतजाम था। भोज खाने के बाद शुक्रवार दोपहर बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।

इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। स्थिति गंभीर होने के बाद लोगों ने इसकी सूचना प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दी। इसके बाद 10 जून से चिकित्सकों की टीम गांव में लोगों का इलाज कर रही है।

मुर्गे के मांस में ही गड़बड़ी थी। इसके खाने से लोगों की तबीयत खराब होने लगी। दर्जनों के बीमार होने की सूचना पर गांव में रविवार को जाकर शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की गई है। सभी लोगों की स्थिति सामान्य है। सभी लोग अपने-अपने घरों में हैं। आवश्यक दवाईयां दे दी गई हैं। - डॉ. एके सिंहा, प्रभारी, पीएचसी, चांदन, बांका

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें