Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

आय से अधिक संपत्ति मामले में शंभूगंज थानाध्यक्ष के आवास पर छापामारी, नौ घंटे चली रेड; 50 हजार कैश बरामद

आय से अधिक संपत्ति मामले में शंभूगंज थानाध्यक्ष के आवास पर छापामारी की गई है। 50 हजार कैश बरामद हुआ है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शंभूगंज थानाध्यक्ष के सरकारी आवास और ऑफिस पर धावा बोला है। कार्यालय और आवास के अलावा थानाध्यक्ष के बेगूसराय वाले घर पर भी छापामारी हुई। रेड के बाद थानाध्यक्ष से लंबे समय तक पूछताछ की गई।

By Bijendra Kumar Rajbandhu Edited By: Mukul Kumar Updated: Wed, 10 Jul 2024 09:58 PM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

संवाद सहयोगी, शंभूगंज (बांका)। आय से अधिक संपत्ति के मामले में बुधवार को शंभूगंज थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार के सरकारी आवास और ऑफिस के अलावा बेगूसराय स्थित घर पर पटना से आई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की सात सदस्यीय टीम ने अचानक धावा बोल दिया।

आवास पर सुबह से करीब नौ घंटे तक छापामारी चली। साथ ही थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार से लंबी पूछताछ की गई। हालांकि, टीम को छापामारी में कोई खास सफलता नहीं मिली।

टीम का नेतृत्व कर रहे निगरानी डीएसपी अरुणोदय पांडे ने बताया कि आठ जुलाई 2024 को निगरानी थाना पटना में कांड संख्या 6/24 के तहत ब्रजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया। इस आधार पर टीम गठित कर स्थाई ठिकाना बेगूसराय और सरकारी आवास शंभूगंज में छापामारी की गई।

छापामारी में 50 हजार कैश, एक सोने की चेन, पांच विभिन्न बैंक के खाते और विभिन्न जगहों पर जमीन में निवेश के कागजात बरामद किए गए हैं। थाना कार्यालय की जांच में कुछ नहीं मिला है। डीएसपी ने बताया कि आगे की कार्रवाई न्यायालय के आदेशानुसार की जाएगी।

थाना में निगरानी टीम के प्रवेश करते ही मचा हड़कंप

थाना परिसर में निगरानी टीम के प्रवेश करते ही पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों में हड़कंप मच गया। थाना परिसर में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर बाद एसडीपीओ विपिन बिहारी थाना पहुंचे। इस मौके पर प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष कुमारी सिया भारती सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।

ज्ञात हो कि ब्रजेश इसके पहले भागलपुर जिले के विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष रहे हैं। लोक सभा चुनाव के पहले बांका में योगदान के बाद उसे शंभूगंज थाने की जिम्मेदारी दी गई थी। फिलहाल, निगरानी की छापेमारी के बाद दिनभर पुलिस महकमा में हड़कंप मचा रहा।

निगरानी कोर्ट में केस के मामले में शंभूगंज के पुलिस अवर निरीक्षक ब्रजेश कुमार के आवास पर निगरानी की टीम ने छापामारी की है। पिछले सप्ताह ही ब्रजेश की जगह प्रशिक्षु डीएसपी सिया भारती को शंभूगंज का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।

डॉ सत्यप्रकाश, एसपी, बांका

यह भी पढ़ें-

Bihar Education: इन अफसरों को हर हाल में करना होगा शिक्षकों का ये काम, नहीं तो कट जाएगा वेतन; आ गया ऊपर से आदेश

Bhagalpur News: पूर्व मेयर डॉ. वीणा यादव की बढ़ेगी मुश्किल; छात्रा से हुई छेड़छाड़ में सामने आई भूमिका