Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Banka News : नहीं मैम नहीं... यह तो बैड टच है, ऐसा नहीं करना चाहिए, शिक्षिका का वीडियो हो रहा वायरल

Banka News बिहार के बांका जिले की एक शिक्षिका खुशबू आनंद का वीडियो इन दिनों वायरल हो रहा है। ये शिक्षिका बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में बता रही हैं। खुशबू आनंद खुद भी एक बेटी की मां हैं। वह बताती हैं कि बांका जिले में बच्चियों के साथ हुई दुष्कर्म की वारदातों ने उन्हें बच्चों को सचेत करने के लिए प्रेरित किया।

By Jagran NewsEdited By: Yogesh SahuUpdated: Sun, 10 Sep 2023 07:31 PM (IST)
Hero Image
Banka : नहीं मैम नहीं... यह तो बैड टच है, ऐसा नहीं करना चाहिए, शिक्षिका का वीडियो हो रहा वायरल

Banka News : अभिषेक कुमार, बांका। पिछड़े जिलों की सूची में शामिल बिहार के बांका जिले के कटोरिया प्रखंड का यह मध्य विद्यालय, कठौन है। यहां शिक्षिका खुशबू आनंद पहली व दूसरी कक्षा के बच्चों को पढ़ा रही हैं। सपना व सोनाक्षी को खुशबू छूते हुए निकल जाती हैं।

दोनों बच्चियां कहती हैं, नहीं मैम नहीं... ऐसा नहीं कीजिए। यह बैड टच है। काजल कुमारी को खूशबू गोद में उठाती हैं तो वह कहती है कि यह गुड टच है।

इस स्कूल के सभी छोटे-बड़े बच्चे-बच्चियों को गुड टच व बैड टच के बारे में मालूम है। यह संभव हुआ है स्कूल की खुशबू के प्रयास से।

दुष्कर्म की वारदात ने खुशबू को झकझोरा

खुशबू ने बताया कि बांका में ही एक वर्ष पूर्व एक छह वर्ष की बच्ची की दुष्कर्म के बाद निर्दयतापूर्वक हत्या कर दी गई थी। उसकी जीभ काटने के अलावा आंखें भी निकाल ली गई थीं। एक ढाई वर्ष की बच्ची की भी दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी।

बच्चे शरीर से कमजोर होते हैं। यदि उन्हें शुरू में ही गुड टच व बैड टच के बारे में बता दिया जाए तो शुरुआती दौर में ही कुत्सित मानसिकता वाले लोगों से वे दूर हो सकते हैं। खुशबू ने बताया कि बचपन में उन्हें भी थोड़ा-बहुत बैड टच झेलना पड़ा था।

आजकल के बच्चों के साथ यह समस्या कुछ अधिक हो गई है। बड़े लोग तो संभल जाते हैं, लेकिन छोटे बच्चे आसानी से गलत मानसिकता के लोगों का निशाना बन जाते हैं। कोरोना काल के पूर्व शिक्षा विभाग द्वारा भी इस बारे में प्रशिक्षण दिया गया था।

बांका की दो हालिया घटनाओं को देखकर उनके मन में विचार आया कि अपने स्कूल के बच्चों को वे गुड टच व बैड टच के बारे में जानकारी दें, ताकि वे सुरक्षित रह सकें। इसके बाद उन्होंने ऐसा किया। बच्चों को स्नेह भरे स्पर्श व गंदी भावना से स्पर्श के बीच में अंदर पता होना चाहिए।

किसी ने उनका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर दिया और आज उसे 15 लाख से अधिक लोग देख चुके हैं। खुशबू का कुछ महीने पूर्व डांस करते हुए बच्चों को पढ़ाने का वीडियो भी वायरल हुआ है। खुशबू की एक छोटी बेटी है और उनके पति भी पास के विद्यालय में शिक्षक हैं।

वे स्कूल में पढ़ने वाले सभी बच्चों को अपने बच्चों की तरह मानती हैं। खुशबू ने बताया कि उनके वीडियो को एक्स हैंडल (ट्विटर) पर टैग करते हुए राजस्थान के शिक्षा विभाग ने भी प्रत्येक शनिवार को बच्चों को इस बारे में जानकारी देने के लिए 1200 ट्रेनर नियुक्त किए हैं।

खुशबू की अपेक्षा है कि महिलाएं ही बच्चों को इस बारे में बताएं तो स्कूल जाने वाले बच्चे अधिक सजग रहेंगे। दिल्ली के सहायक पुलिस आयुक्त वीरेंद्र पुंज ने भी खुशबू को पत्र भेजकर उनकी सराहना की है और उनसे अपेक्षा जताई है कि बिहार के अन्य विद्यालयों में वे बच्चों को विधिक ज्ञान उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाएंगी।

यह भी पढ़ें : सरकारी स्‍कूल के छात्रावास से आधी रात 55 छात्राएं भागीं, सोता रहा गार्ड; भागने की वजह कर देगी हैरान

लोग कर रहे प्रशंसा

इधर, खुशबू का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र के लोग उसकी प्रशंसा कर रहे हैं। रीना देवी व रेणु देवी ने बताया कि जब उनकी बच्चियों ने घर आकर इस अभियान के बारे में बताया तो उन्हें काफी खुशी हुई।

बच्चियों की सुरक्षा को लेकर वे सशंकित तो थीं, लेकिन उन्हें किस प्रकार समझाया जाए, यह पता नहीं था। खुशबू ने यह मुश्किल आसान कर दी। अब क्षेत्र की महिलाओं के अलावा पुरुष भी खुशबू की इस मुहिम से गदगद हैं।

अमेरिका यादव ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल की शिक्षिका का यह कदम बेहतर है। विद्यालय के प्राचार्य तुलसी दास और अन्य शिक्षक बताते हैं कि विद्यालय में छात्रों को नैतिकता व अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया जाता है।

यह भी पढ़ें : बगहा पुलिस जिला के अस्सी जमादार बने दारोगा, यहां देखें सूची

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर