Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बेगूसराय में मूर्ति विसर्जन के दौरान छत से फेंकी ईंट, दो समुदायों के बीच तनाव; भारी पुलिस बल तैनात, 10 आरोपी गिरफ्तार

बिहार के बेगूसराय में बुधवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान जुलूस पर छत से ईंट फेंके जाने की वजह से बवाल हो गया। इस घटना के बाद इलाके में फैले तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार यह घटना बलिया नगर क्षेत्र के छोटी बलिया मिसिकार टोला के पास की है।

By Binod Kumar JhaEdited By: Yogesh SahuUpdated: Wed, 25 Oct 2023 09:01 PM (IST)
Hero Image
बेगूसराय में मूर्ति विसर्जन के दौरान छत से फेंकी ईंट, दो समुदायों के बीच तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

संवाद सहयोगी, बलिया (बेगूसराय)। बिहार के बेगूसराय में बुधवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान जुलूस पर छत से ईंट फेंके जाने की वजह से बवाल हो गया। इस घटना के बाद इलाके में फैले तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना बलिया नगर क्षेत्र के छोटी बलिया मिसिकार टोला के पास की है। आरोप है कि बुधवार को यहां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक समुदाय की महिला ने प्रतिमा के आगे छत के ऊपर से चार पांच ईंट गिरा दी थी।

इसके बाद ही माहौल तनावपूर्ण बन गया। विसर्जन में शामिल युवााओं ने ईंट गिराने का विरोध किया। लोगों ने सड़क पर आग लगाकर भी विरोध-प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ रोहित कुमार, डीएसपी विनय कुमार राय, थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह पहुंचे।

उनके साथ नगर कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार, सीओ चंदन कुमार, बीडीओ सन्नी कुमार भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था के बीच माहौल संभालने का प्रयास किया। हालांकि, विरोध कर रहे लोग समझाने पर नहीं माने और हंगामा बढ़ गया।

पुलिस ने जमकर फटकारीं लाठियां

हंगामा बढ़ने की सूचना पाकर बेगूसराय डीएम रौशन कुशवाहा, एसपी योगेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने लोगों से पीछे हटने की अपील भी की। इसके बाद लोगों के नहीं हटने पर जमकर लाठीचार्ज करना पड़ा।

लाठीचार्ज से पुलिस ने भीड़ को खदेड़ दिया। इससे भगदड़ मच गई। उसके बाद शरारती तत्वों ने बलिया बाजार में फुटकर सब्जी दुकानदारों के सब्जी को इधर-उधर फेंक दिया। सड़क पर आग लगाकर विरोध-प्रदर्शन करने लगे।

शरारती तत्वों को पुलिस ने खदेड़ा, इस वजह से मचा बवाल

सभी सब्जी दुकानदार खराब माहौल होते देख मौके से हट गए। पुलिस ने वहां भी पहुंचकर शरारती तत्वों को खदेड़ दिया। घटना के संबंध में बताया गया कि बड़ी दुर्गा माता की प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रही थी, इसी दौरान यह घटना घटी।

आरोप है कि प्रतिमा के आगे एक छत से चार-पांच ईंट गिरा दी गई थीं। इससे माहौल तनावपूर्ण हुआ, फिर भी कमेटी के सदस्यों ने बड़ी दुर्गा स्थान की प्रतिमा, शीतला माता दुर्गा स्थान की प्रतिमा को किसी तरह आगे निकाल लिया।

परंतु जब स्टेशन परिसर की दुर्गा प्रतिमा निकलने लगी तो उस पर भी ईंट फेंक दी गई। इसके बाद माहौल और बिगड़ गया। माहौल भयावह देख छोटी बलिया बाजार, स्टेशन चौक, स्टेशन रोड, सत्ती चौड़ा, लखमिनियां सभी बाजार की दुकान बंद हो गईं।

अब कैसी है स्थिति, बलिया नगर में अघोषित कर्फ्यू

पुलिस गाड़ी से पैदल मार्च कर रही है। स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। समाचार लिखे जाने तक सभी प्रतिमा जगह-जगह रुकी हुई हैं। अभी तक विसर्जन नहीं हुआ है, लेकिन प्रशासन रास्ता निकालने का प्रयास कर रहा है।

बलिया नगर में अघोषित कर्फ्यू लगा हुआ है। सभी अपने घरों में कैद हो गए हैं। लोगों को देखते ही पुलिस खदेड़ रही है। डीएम और एसपी पुलिस बल के साथ कैंप कर रहे हैं। कई थाने की पुलिस भी पहुंची हुई है। वहीं, अग्निशमन विभाग से दमकल पहुंचकर सड़क पर लगी आग को बुझाया है।

मूर्ति विसर्जन के लिए निकले जुलूस के दौरन झंडा निकलता युवक। फोटो- जागरण

एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि बलिया में स्थिति अब सामान्य है। डीएम, एसडीएम, एसडीपीओ पुलिस के साथ कैंप कर रहे हैं। पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। उपद्रव करने वाले 10 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच के क्रम में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जुलूस के दौरान अमित रास्तोगी नाम के युवक ने बिजली के खंभे पर लगा झंडा निकाला था। इसके बाद एक पक्ष की ओर से पत्थर चले थे और फिर दूसरे पक्ष ने उपद्रव किया। झंडा उतारने वाले युवक की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ बलिया के नेतृत्व एक टीम गठित कर दी गई है। छापेमारी की जा रही है। घटना में दो पुलिस कर्मी मामूली रूप से घायल हुए हैं।

बेगूसराय में बवाल के बाद इलाके में तैनात पुलिस कर्मी। फोटो- जागरण

बवाल पर भड़के भाजपा सांसद

बेगूसराय में हुए बवाल की घटना को लेकर राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने भी जमकर हमला बोला है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लगातार पोस्ट साझा कर इस घटना की निंदा की है।

उन्होंने अपनी पोस्ट में सवाल करते हुए लिखा कि अड़चन पैदा करना क्या धर्मनिरपेक्षता है? उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को माहौल बिगाड़ने की कोशिश बताया।

उन्होंने यह भी लिखा कि पत्थर कोई फेंके लाठी कोई खाये! कश्मीर की पत्थरबाजी कैसे बलिया (बेगूसराय) में आयात की गई? पुलिस लाठी से ज्यादा मस्तिष्क का उपयोग करे, अन्यथा कौआ और कान वाली कहानी हो जाएगी!

यह भी पढ़ें : बिहार में मूर्ति विसर्जन करने जा रहे जुलूस पर पथराव, मारपीट के बाद बिगड़ी स्थिति; आधा दर्जन लोग घायल

यह भी पढ़ें : Diwali और Chhath पर बिहार आने वालों की बढ़ी मुश्किलें, इन ट्रेनों में सीटें फुल; प्लान बनाने से पहले देखें पूरी लिस्ट