Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

भागलपुरः रूठों को गले लगाने पहुंचे जदयू नेता उमेश कुशवाहा, कार्यकर्ताओं ने उठाए सवाल, बोले- नहीं सुनते सांसद

Bihar Politics News जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि सभी जन प्रतिनिधियों को कार्यकर्ताओं का मान रखना चाहिए। चुनावी समय में ऐसा असंतोष सही नहीं है। प्रखंड अध्यक्षों ने यहां तक कहा कि किसी सवाल पर सांसद सार्वजनिक रूप से भड़क जाते है। इस पर एमएलसी विजय सिंह ने कहा कि गिरधारी यादव कई दफे विधायक और सांसद रहे हैं।

By Sanjay SinghEdited By: Deepti MishraUpdated: Wed, 19 Jul 2023 10:16 PM (IST)
Hero Image
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि सभी जन प्रतिनिधियों को कार्यकर्ताओं का मान रखना चाहिए।

जागरण संवाददाता, भागलपुरः रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने, गुटों में बंटे संगठन की खाई पाटने के साथ ही कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने का जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भरसक प्रयास किया। हालांकि बांका फुल्लीडुमर के अधिकांश प्रखंड अध्यक्ष ने कहना शुरू कर दिया कि सांसद कार्यकर्ताओं से मिलते नहीं है। इस पर प्रदेश अध्यक्ष खड़े होकर कहने लगे आप लोग शांत हो जाइए।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि सभी जन प्रतिनिधियों को कार्यकर्ताओं का मान रखना चाहिए। चुनावी समय में ऐसा असंतोष सही नहीं है। प्रखंड अध्यक्षों ने यहां तक कहा कि किसी सवाल पर सांसद सार्वजनिक रूप से भड़क जाते है।

इस पर एमएलसी विजय सिंह ने कहा कि गिरधारी यादव कई दफे विधायक और सांसद रहे हैं। संगठन के बल पर ही चुनाव जीतते रहे हैं। व्यक्तिगत असंतोष हो सकता है। हालांकि, पार्टी की समीक्षा बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी का मुद्दा उछलता रहा।

भागलपुर प्रमंडल प्रभारी तारापुर विधायक राजीव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री और लालू प्रसाद यादव की दया पर ही सम्राट चौधरी विधान पार्षद बनकर अध्यक्ष बनकर बैठे हैं। आज अनर्गल बयानबाजी करते हैं। भाजपा का सूपड़ा साफ करने के लिए सभी को एक जुट हो जाना है।

'40 सीटों पर महागठबंधन को जिताना है'

प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा मंगलवार को प्रमंडल स्तरीय संगठनात्मक समीक्षा बैठक कर रहे थे। इस दौरान उन्‍होंने कहा कि हम लोग पंचायत स्तर तक इस बैठक को लेकर जाएंगे। अगस्त महीने में भीम चौपाल का कार्यक्रम पूरे बिहार में चलाया जाएगा। आगामी लोकसभा के चुनाव में सभी 40 सीटों पर महागठबंधन को जिताने के लिए काम करना है।

वेतन का 30 प्रतिशत संगठन को देंगे

 इसके बाद एमएलसी विजय सिंह ने घोषणा की कि पार्टी संगठन को चलाने के लिए वे अपने वेतन का तीस-तीस प्रतिशत भागलपुर व बांका जिले को देंगे। 20 प्रतिशत नवगछिया संगठन को देंगे ताकि संगठन का काम और तेजी से चले। इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने राजनीति सलाहकार सदस्य बनाए गए निगम पार्षद संजय सिन्हा सहित व राजेश कुमार राणा सहित अन्य को सम्मानित किया।

बैठक में मुख्य रूप से पूर्व सांसद कहकशा परवीन, पूर्व सांसद सुबोध राय, विधायक गोपाल मंडल, विधायक मनोज यादव, विधायक ललित मंडल, पूर्व विधायक लक्ष्मीकांत मंडल, शुभानंद मुकेश, जिलाध्यक्ष बिपिन बिहारी सिंह, बांका जिलाध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, न वगछिया जिला अध्यक्ष त्रिपुरारी सिंह, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सोनी सहित अन्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन प्रमंडल प्रभारी प्रहलाद सरकार ने किया।