Move to Jagran APP

बिहार : RSS के स्‍कूल में पहुंचे JDU सांसद, गेट खुलवा दी धमकी, बोले- हटो यहां से...! यहां हम पालेंगे...

Bihar News RSS के विद्यालय सरस्‍वती विद्या मंद‍िर गोशाला कहलगांव में दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ बिहार भागलपुर के JDU सांसद अजय कुमार मंडल पहुंचे। उन्‍होंने गेट खोलवाकर धमकी दी। यहां से हट जाओ। यह जमीन गोशाला की है। यहां हम गाय पालेंगे।

By Jagran NewsEdited By: Dilip Kumar shuklaUpdated: Thu, 10 Nov 2022 02:31 PM (IST)
Hero Image
Bihar News : भागलपुर : श्रीकृष्ण गोशाला कहलगांव में 25 वर्षों से सरस्‍वती विद्या मंदिर चल रहा है।

संवाद सूत्र, कहलगांव (भागलपुर)। Bihar News : भागलपुर के कहलगांव श्रीकृष्ण गोशाला में पिछले 25 वर्षों से सरस्‍वती विद्या मंदिर संचालित हो रहा है। यह विद्यालय राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ का अनुषांगिक संगठन विद्या भारती द्वारा संचालित किया जा रहा है। पूरे देश में विद्या भारती के लाखों विद्यालय हैं। श्रीकृष्ण गोशाला कहलगांव चल सरस्वती विद्या मंदिर को लेकर अब विवाद होने लगा है। हालांकि, मामला अदालत में है। इसलिए दोनों पक्षों को अदालत के फैसले का इंतजार करना चाहिए था, लेकिन पिछले दिनों भागलपुर लोकसभा के जदयू सांसद अजय कुमार मंडल वहां पहुंच गए और विद्यालय को खाली करने को कहा।

क्‍या है मामला

नवगठित श्रीकृष्ण गौशाला समिति की ओर से गोपाष्टमी पर गौशाला परिसर के सामने खेत में आयोजित गौ पूजन और सदस्यता अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता गोशाला के पदेन अध्यक्ष अनुमंडल पदाधिकारी मधुकांत और संचालन सचिव केशव जोशी ने किया। इस दौरान सांसद अजय कुमार मंडल भी वहां पहुंचे थे। सांसद ने गाय की पूजा की। इसके बाद सांसद अजय कुमार मंडल अपने दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ सरस्‍वती विद्या मंदिर पहुंचे। गेट बंद होने पर कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। सांसद ने वहां के कर्मी से गेट खोलने कहा। गेट खोलने पर दर्जनों कार्यकर्ताओं ने विद्यालय परिसर में खूब हंगामा किया। तोड़फोड़ की।

सांसद ने दी धमकी

विद्यालय की सफाई कर रहे कर्मचारी व वहां मौजूद शिक्षक ने प्राचार्य राजेश कुमार को फोन कर इसकी जानकारी दी। सांसद ने प्राचार्य से बात की। सांसद ने कहा कि यह जमीन गोशाला की है। इसलिए यहां से विद्यालय हटा लें। प्राचार्य ने कहा कि मामला अदालत में है, इसलिए अदालत के निर्णय आने तक हमलोगों को इंतजार करना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि अदालत से अगर विद्यालय को हटाने का आदेश आ जाएगा तो विद्यालय को हटा लिया जाएगा। इस पर सांसद को गुस्‍सा आ गया। उन्‍होंने कहा कि हम कुछ नहीं जानते जल्‍दी यहां से सारे लोग हट जाएं। जमीन खाली करें। सांसद काफी गुस्‍से में थे। उनके साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने विद्यालय को काफी क्षति पहुंचाया। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से थाने में आवेदन दिया गया।

घटना की निंदा की

प्राचार्य राजेश कुमार ने कहा कि उस दिन मैं घर जा रहा था। उनका घर औरंगाबाद है, वे रास्ते में थे। उन्‍होंने कहा कि सांसद ने मोबाइल पर स्कूल हटाने की धमकी दी है। आरएसएस के भागलपुर जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख कृष कुमार ने कहा कि 25 वर्षों पूर्व ही गोशाला समिति ने विद्या भारती को यह जमीन लिखकर विद्यालय संचालन के लिए दी थी। बाद में समिति में दूसरे लोग आए तो उन्‍होंने विद्यालय हटाने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। मामला 2003 से ही अदालत में है।

आरएसएस भागलपुर जिला संघचालक राणा प्रताप सिंह ने कहा कि कहा कि सांसद अजय कुमार मंडल का व्‍यवहार अशोभनीय रहा है। शिक्षा के मंदिर में इस तरह का कार्य नहीं होना चाहिए। घटना की जितनी निंदा की जाए, वह कम है। जो भी विवाद है, उसका निदान अदालत से होगा।

सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि यह जमीन गोशाला की है। इसलिए विद्या भारती को यह जमीन खाली कर देनी चाहिए। यहां गाय पालन व उसकी सेवा होती है। उन्‍होंने कहा कि मुझे यह जानकारी नहीं है कि मामला अदालत में है या नहीं। मैं तो यही जानता हूं कि यह जमीन गोशला की है, यहां गो पालन होगा।  

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।