Move to Jagran APP

Bhagalpur: अपराधियों ने महिला पार्षद के घर में घुसकर पति को मारी गोली, हालत नाजुक; जांच में जुटी 4 थानों की पुलिस

भागलुपर में सुल्तागंज नगर परिषद के वार्ड- 2 की पार्षद और पूर्व सभापति दयावती देवी के पति को शनिवार शाम अपराधियों ने घर में घुसकर गोली मार दी। इसमें पार्षद पति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जेएलएनएमसीएच भागलपुर रेफर किया गया जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। अपराधियों की धर-पकड़ के लिए चार थानों की पुलिस जुटी हुई है।

By Edited By: Mohit TripathiUpdated: Sun, 05 Nov 2023 01:06 AM (IST)
Hero Image
अपराधियों ने घर में घुसकर पूर्व सभापति के पति को मारी गोली। (सांकेतिक फोटो)

संवाद सूत्र सुल्तानगंज (भागलपुर)। बिहार के भागलुपर में सुल्तागंज नगर परिषद के वार्ड संख्या दो की पार्षद और पूर्व सभापति दयावती देवी के पति रंजीत यादव उर्फ कनबुच्चा यादव को शनिवार की शाम लगभग चार बजे अपराधियों ने घर में घुसकर गोली मार दी। इसमें पार्षद पति गंभीर रूप से घायल हो गए। पार्षद पति को गोली मारने के बाद अपराधी घटनास्थल से फरार हो गए।

सीने के निचले हिस्से में लगी गोली

पुलिस ने घायल अवस्था में कनबुच्चा को स्वजन के सहयोग से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद जेएलएनएमसीएच भागलपुर रेफर कर दिया। उसकी स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है। गोली कनबुच्चा यादव के सीने के निचले हिस्से में लगी है।

घर में घुसकर पार्षद पति को मारी 4 गोलियां 

पार्षद पति रंजीत यादव उर्फ कनबुच्चा गौशाला से मवेशी को खाना देकर घर में संध्या आरती देने की तैयारी कर रहा था। घर का मुख्य दरवाजा खुला था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अपराधी आए और घर के अंदर घुसकर गोली मार दी।

अपराधियों ने चार गोलियां फायर की। इसमें एक गोली कनबुच्चा यादव के सीने के नीचे हिस्से में लग गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

ईंट-पत्थर फेंककर पार्षद पति ने बचाई जान

गोली चलने की आवाज सुनकर घर में मौजूद पार्षद का भतीजा अनुज कुमार कुछ देर के लिए सहम गया। वह कुछ देर तक समझ नहीं पाया कि आखिर क्या हुआ।

उसने बताया कि जैसे ही रंजीत यादव उर्फ कनबुच्चा घोड़ी को खाना देकर घर आए। इसी बीच तीन अपराधी हाथ में कट्टा लिए घर में घुसे रंजीत यादव की ओर आगे बढ़ने लगे।

अपराधियों ने कट्टा उनके ऊपर तान दी। वह कहते रहे कि गोली मत चलाना, लेकिन इसी दौरान एक अपराधी ने गोली चला दी, जो कनबुच्चा यादव के सीने के नीचे लग गई।

बचाव में रंजीत यादव उर्फ कनबुच्चा अपराधियों के ऊपर जब ईंट-पत्थर फेंकना शुरू किया, तो गोली फायर करते हुए अपराधी मौके से फरार हो गए।

जांच में जुटी 4 थानों की पुलिस

घटना के बाद सुल्तानगंज, अकबरनगर, बाथ थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर पूरी जानकारी ली। इसके बाद अपने स्तर से अपराधियों की शिनाख्त व गिरफ्तारी को ले अभियान चला रही है।

पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों का एक जोड़ी चप्पल बरामद किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना के बाद शहर में तनाव का माहौल व्याप्त है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

थानाध्यक्ष ने क्या कहा?

थानाध्यक्ष प्रियरंजन ने बताया कि थाना क्षेत्र के सीढ़ी घाट वार्ड संख्या दो के पार्षद दयावती देवी के पति रंजीत यादव उर्फ कनबुच्चा को गोली लगने की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और उन्हें रेफलर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया। घायल पार्षद पति रंजीत यादव के बयान के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई कर रही है। पुलिस प्रत्येक स्थिति पर नजर रखे हुए है। अपराधी किसी भी स्थिति में बच नहीं पाएंगे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।