Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar News : लड़की की लाश देख रही लेडीज पुलिस कर्मी को उसके अफसर ने छेड़ा, पूर्णिया में अजीब कश्मकश...

Bihar News बिहार के पूर्णिया जिले से पुलिस अधिकारी अजीब कश्मकश में पड़ गए हैं। क्योंकि गुनाह करने वाले एवं इंसाफ दिलाने वाले दोनों वर्दीधारी हैं। मामले में आरोप है कि जिस समय लड़की की लाश बरामद की गई और लेडीज पुलिस बुलाई गई तभी अफसर ने छेड़खानी की।

By Shivam BajpaiEdited By: Updated: Wed, 13 Jul 2022 09:20 PM (IST)
Hero Image
Bihar News : पूर्णिया जिले में लेडीज पुलिस कर्मी ने लगाए आरोप।

Bihar News, राजीव कुमार, पूर्णिया : पूर्णिया में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। इसमें गुनाह करने वाले एवं इंसाफ दिलाने वाले दोनों वर्दीधारी हैं। इन दोनों के बीच फंसी पुलिस को अब समझ में नहीं आ रहा कि वह क्या करे। यही वजह है कि 48 घंटे बाद भी पुलिस के आला अधिकारी चुप है। दरअसल इस मामले में अब तक की कार्रवाई ने पुलिस की साख पर बट्टा लगा दिया गया है। यह मामला जिले के सरसी थाना से जुड़ा हुआ है। सरसी थाना में पदस्थापित एक लेडीज पुलिस कर्मी ने बनमनखी के पुलिस निरीक्षक पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए सरसी थाना अध्यक्ष को प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है।

महिला पुलिस कर्मी की मानें तो आवेदन की प्रति उसने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के वाट्सएप पर भी दी है। सरसी थाना अध्यक्ष एमए हैदरी ने बताया कि महिला पुलिस कर्मी द्वारा आवेदन दिया गया है, उसकी जांच की जा रही है। वहीं सरसी थानाध्यक्ष को प्राथमिकी के लिए सौंपे गए आवेदन में महिला पुलिस कर्मी ने आरोप लगाया है कि जब कोसी नदी के धार किनारे शव बरामद करने गई थी, तो वहां पर मौजूद बनमनखी के पुलिस निरीक्षक ने उसके साथ छेड़छाड़ की।

आवेदन में कहा गया है कि 11 जुलाई 2022 को दिवा गश्ती के दौरान सूचना मिली की एक लड़की का शव कोसी नदी की धार में हैं। आवेदन के अनुसार, वह अपने गश्ती दल के प्रभारी सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के अलावा कुछ पुलिस कर्मियों के साथ वहां गई। वहां जियनगंज बिदंटोली में जिस वक्त पहुंची उस वक्त शाम का सात बज रहा था। उस वक्त वह कोसी नदी के किनारे खड़ी थी की बनमनखी के पुलिस निरीक्षक ने उसके साथ पीछे से छेड़खानी की।

सरसी थाना में दिए गए आवेदन में महिला पुलिस कर्मी ने इसके अलावा कई गंभीर आरोप लगाए है। उसने कहा है कि इसके पूर्व भी उसके साथ शराब के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान भी उसके साथ पुलिस निरीक्षक का व्यवहार ठीक नहीं रहा है। वे अक्सर हर मामले में अपने साथ छापेमारी में लेकर जाते थे और परेशान करते थे। आवेदन में कहा गया है कि घटना स्थल पर जब हमने विरोध किया तो वहां मौजूद पुलिस पदाधिकारियों द्वारा कहा गया कि थाना में जाकर इस मामले को देखते हैं।

'किसी कागजात को लेने के क्रम में पुलिस निरीक्षक का हाथ महिला पुलिस कर्मी के हाथ में टच कर गया है। इस मामले को महिला पुलिस कर्मी द्वारा तूल दिया जा रहा है।'- कृपाशंकर आजाद, डीएसपी, बनमनखी।

'महिला पुलिस कर्मी ने कैसे इस तरह का आरोप लगाया है, उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है। उन्हें भी इस बात की किसी के माध्यम से जानकारी मिली है कि उनके खिलाफ शिकायत की गई है। महिला पुलिस कर्मी द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं।'- विद्यानंद पासवान, पुलिस निरीक्षक, बनमनखी अंचल।

महिला पुलिस कर्मी की शिकायत के बाद मनाने का दिन भर चला दौर

बताया जाता है कि महिला पुलिस कर्मी ने जब इस मामले में थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई तो उसे मनाने एवं समझाने का दौर दिन भर चला। पुलिस के कई अधिकारियों ने महिला पुलिस कर्मी को समझाने के साथ- साथ इस मामले के अंजाम के बारे में भी बताया। सरसी थाना में 12 जुलाई की देर रात तर पुलिस केंद्र से पुलिस नेताओं के अलावा समझाने एवं मामले को रफा-दफा कराने के लिए पुलिस केंद्र के नेताओं का तांता लगा रहा।

लेडीज पुलिस कर्मी इस बात पर अडिग रही कि उसके साथ गलत हुआ है और उसे न्याय मिलना चाहिए। अपने ऊपर मामले को समाप्त करने को लेकर बढ़ते दबाव को देख महिला पुलिस कर्मी ने आंशका जताई कि उस पर जबरन इस मामले को समाप्त करने का दबाव डाला जा रहा है और इंकार करने पर उसे फंसाने की धमकी दी जा रही है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर