Move to Jagran APP

देश-विदेश में बढ़ रही कोसी के झींगा मछली की मांग, अब विशेष पैकेज से इस तरह बढ़ाया जाएगा उत्पादन

कोसी के झींगा मछली की मांग देश के अंदर ही नहीं विदेशों में भी बढऩे लगी है। इसको देखते हुए अब इसका उत्पादन बढ़ाने पर बल दिया जा रहा है। इसके लिए अब विशेष पैकेज का प्रावधान किया जा रहा है।

By Abhishek KumarEdited By: Updated: Mon, 08 Mar 2021 01:42 PM (IST)
देश-विदेश में बढ़ रही कोसी के झींगा मछली की मांग, अब विशेष पैकेज से इस तरह बढ़ाया जाएगा उत्पादन
कोसी के झींगा मछली की मांग देश के अंदर ही नहीं विदेशों में भी बढऩे लगी है।

सहरसा [कुंदन कुमार]। देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में झींगा मछली की बढ़ती मांग को देखते हुए मत्स्य विभाग ने कोसी क्षेत्र में इसके उत्पादन की विशेष रणनीति तैयार की है। प्रधानमंत्री विशेष पैकेज से तैयार जलकरों में इसका मुख्य रूप से उत्पादन होगा। इसके लिए मत्स्यपालकों को इनपुट अनुदान का लाभ भी दिया जाएगा। विभाग द्वारा रियरिंग तालाबों के निर्माण, आद्रभूमि का विकास और नए तालाबों के निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दिया है। इससे जहां जल संरक्षण होगा, वहीं इलाके की गरीबी दूर होगी। साथ ही लोगों को भी स्‍वरोजगार मिलेगा। 

जापान व कंबोडिया के लोग भी चख सकते हैं कोसी के झींगा का स्वाद

जानकारों का कहना है कि कोसी में आंध्र प्रदेश से भी अधिक मत्स्यपालन की संभावना है। यहां की अन्य मछलियों की तरह झींगा मछली भी काफी स्वादिष्ट है। झींगा मछली की मांग देश के विभिन्न प्रदेशों में नहीं बल्कि जापान और कंबोडिया जैसे देशों से भी होती रही है। उन जगहों पर झींगा मछली बेचे जाने पर मत्स्यपालकों को काफी मुनाफा मिलेगा। इसके लिए मत्स्यपालकों को विभाग द्वारा देश और राज्य के अन्य जगहों का भ्रमण कराकर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री मत्स्य विकास योजना से भी मिलेगा इनपुट अनुदान

नीली क्रांति योजना के तहत कोसी क्षेत्र में पूर्व से ही विश्व बैंक द्वारा योजना चलायी गई है। प्रधानमंत्री विशेष पैकेज से मत्स्यपालकों को जहां तालाब निर्माण व आद्र भूमि विकास के लिए अनुदान दिया जाएगा, वहीं मुख्यमंत्री मत्स्य विकास योजना से मछली का बच्चा खरीदने, चारा व अन्य आवश्यक चीजों की खरीद हेतु मत्स्यपालकों को अलग से अनुदान का लाभ मिलेगा।

इस इलाके मे काफी स्वादिष्ट झींगा मछली पाई जाती है, जिसकी काफी मांग है। झींगा मछली का उत्पादन इलाके के मत्स्यपालकों के लिए काफी लाभकारी साबित होगा। मत्स्यपालन के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। इससे कोसी क्षेत्र के मत्स्यपालक काफी लाभांवित होंगे।

मनोरंजन कुमार, जिला मत्स्य पदाधिकारी, सहरसा।