Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बिहार में हो रही मुखिया की हत्या रोकने के लिए CM नीतीश के मंत्री का माडल सुझाव, बोले- कभी नहीं होगा मर्डर

बिहार में हो रही एक के बाद एक मुखिया की हत्या के बढ़ते मामलों पर CM नीतीश कुमार के मंत्री ने माडल सुझाव दिया है। मंत्री का कहना है कि ऐसा हो जाएगा तो शायद फिर मर्डर कभी नहीं होगा। उन्होंने कारण बताते हुए कहा कि मुखिया का मर्डर...

By Shivam BajpaiEdited By: Updated: Mon, 11 Apr 2022 05:26 PM (IST)
Hero Image
सहरसा मुखिया रंजीत कुमार साह के स्वजनों से मिलने पहुंचे मंत्री नीरज कुमार बबलू।

संवाद सूत्र, सहरसा : बिहार में जनप्रतिनिधियों को नामिनी का अधिकार मिलना चाहिए। पांच वर्ष के कार्यकाल के दौरान यदि उनकी मौत या हत्या होती है तो उनके नामिनी को पांच साल तक जनप्रतिनिधि का अधिकार मिले। इससे चुनावी रंजिश में हत्याएं बंद हो जाएगी। बिहार एक माडल स्टेट होगा। उक्त बातें रविवार को खजूरी पंचायत के मुखिया रंजीत साह के स्वजनों से मिलने के बाद वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज कुमार बबलू ने कही।

उन्होंने कहा कि छह माह के दौरान आठ मुखिया की हत्या चुनावी रंजिश में कर दी गयी। चुनाव जीतने के बाद हत्या इसलिए की जा रही है कि इसके बाद चुनाव होगा और फिर कुर्सी उनकी हो जाएगी। इसे रोकने के लिए यह उत्तम उपाय हो सकता है। मंत्री ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वो पंचायती राज मंत्री तथा मुख्यमंत्री से मिलेंगे। इसके अलावा वो सदन में भी इस बात को उठाएंगे। ज्ञात हो कि शुक्रवार की देर शाम अपराधियों ने खजूरी पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया रंजीत साह की गोली मार हत्या कर दी थी।

यह भी पढ़ें: बिहार: 8 महीनों में 8 मुखिया का मर्डर, पटना, जमुई, मुंगेर के बाद सहरसा...और कितने?

सांसद ने पीड़ित स्वजनों को बंधाया ढांढस 

सौर बाजार प्रखंड के ग्राम पंचायत खजुरी के मुखिया रंजीत कुमार साह की बदमाशों द्वारा हत्या पर दिनेशचंद्र यादव ने शोक जताया है। सांसद ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा रंजीत साह काफी लोकप्रिय मुखिया थे। उन्होंने अपनी मेहनत से अपनी पहचान बनाई थी। उनके हत्या की खबर सुनकर मैं सुनकर काफी मर्माहत हूं। उनके मेरा गहरा लगाव था। इस हत्याकांड में जो भी संलिप्त है, उसे बख्शा नहीं जाएगा। सांसद के साथ शोक संवेदना व्यक्त करने वाले में सांसद प्रतिनिधि अंजुम हुसैन, रेवती रमण सिंह, जेडीयू अध्यक्ष चंद्रदेव मुखिया, राजकुमार साह, सुशील कुमार यादव, अमर यादव, प्रो कैलाश यादव, सीमा कुमारी, पूर्व पार्षद संतोष यादव, मधु देवी, अनिल यादव, रामकुमार यादव, गौरव बंटी, देवेंद्र देव आदि शामिल हैं।

पूर्व विधायक ने कही ये बात

पूर्व विधायक संजीव कुमार झा के साथ पहुंचे मंत्री ने कहा कि इस हत्याकांड में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी हो और उन्हें सजा मिले इसके लिए वो प्रशासन से कह चुके हैं। आपसी रंजिश के कारण बिहार में जनप्रतिनिधियों की हत्या अत्यंत पीड़ादायक है। पूर्व विधायक ने कहा कि स्वर्गीय रंजीत की जितनी भी तारीफ की जाय कम है। वह राजनीतिक से अलग हटकर भी लोगों के लिए काफी कुछ सोचते थे और हर किसी के लिए उनके मन में सम्मान था। ऐसे सरल व सच्चे व्यक्ति का चला जाना हम लोगों के लिए बहुत बड़ी क्षति हैं। मौके पर प्रो. मिथिलेश झा, गौरीशंकर झा, वार्ड पार्षद विनय ठाकुर, सुनील सिंह, भाजपा के सौरबाजार उतरी मंडल अध्यक्ष महावीर यादव, सुमित कुमार बिट्टू, विमल यादव, रमेश रमन, राजीव साह, हरिओम सिंह, संगम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।