Move to Jagran APP

VHP ने पूछा-मंदिरों का मामला न्यायालय जाता है, मुस्लिमों का मामला वक्फ बोर्ड में... क्‍यों?

विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद्म श्री डा. आरएन सिंह भागलपुर पहुंचे। उन्‍होंने कहा कहा कि मतांतरण रोकने के लिए देश में व्यापक कानून बनें। धर्म बदलने वालों को नहीं मिले किसी भी प्रकार का सरकारी लाभ। मठ मंदिरों से होने वाली आय से स्थानीय लोगों को मिले फायदा।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Updated: Sun, 06 Feb 2022 06:00 PM (IST)
VHP ने पूछा-मंदिरों का मामला न्यायालय जाता है, मुस्लिमों का मामला वक्फ बोर्ड में... क्‍यों?
भागलपुर में विहिप के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष डा आरएन सिंह।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद्म श्री डा. आरएन सिंह ने कहा कि मतांतरण रोकने के लिए व्यापक कानून बनें। इसको लेकर विहिप लगातार आवाज उठा रही है। विहिप मतांतरण के मामले में राष्ट्रीय कानून बनाने की मांग कर रही है।

विहिप के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भागलपुर के आनंदराम ढांढनियां सरस्‍वती विद्या मंदिर में संवाददाता सम्मेलन कर कहा कि गरीब व अशिक्षित लोगों को प्रलोभन देकर मतांतरण किया जा रहा है। अनुसूचित जनजाति के लोगों का मतांतरण किया जा रहा है। इनका मतांतरण होने के बाद भी अनुसूचित जनजाति का लाभ मिलता है। जिनका मतांतरण हो गया है, उन्हें आरक्षण का लाभ नहीं मिलना चाहिए। इन्हें मिलने वाली सुविधाओं को बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विहिप मतांतरण रोकने के लिए लगातार जागरुकता अभियान चला रही है। गरीब, अशिक्षित लोगों को जागरूक कर रही है। उन्होंने कहा कि मठ-मंदिरों को होने वाली आय को सरकार मदरसा व चर्च पर खर्च कर रही है। मठ-मंदिरों पर सरकार का आधिपत्य है। मठ-मंदिरों की आय को सरकार ले रही है। इससे मठ-मंदिरों की स्थिति बिगड़ती जा रही है। देखभाल नहीं हो पा रहा है। मठ-मंदिरों की आय को स्थानीय स्तर पर खर्च किया जाए। कमेटी बनाकर आय का उपयोग किया जाए। धर्मशाला, भोजनालय की व्यवस्था हो। इससे समाज को लाभ पहुंचेगा।

उन्होंने कहा कि देश में मुस्लिम तुष्टीकरण का खेल चल रहा है। मठ-मंदिरों का मामला न्यायालय में जाता है, जबकि वक्फ बोर्ड का मामला वक्फ बोर्ड में जाता है। इससे संबंधित मामलों की सुनवाई न्यायालय में नहीं होती है। इससे कई हिंदुओं की संपत्ति वक्फ बोर्ड में चली गई है। उन्होंने कहा कि विहिप गौ हत्या के मामले में लगातार आंदेालन चला रही है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। अब विहिप अन्य समस्याओं के समाधान को लेकर कार्य कर रही है। मौके पर विहिप के केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे भी मौजूद थे।

संचालन विभाग मंत्री संतोष सिसोदिया ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र मंत्री वीरेंद्र विमल, प्रांत सह मंत्री पारस शर्मा, जिला उपाध्यक्ष डा अशोक सिंह, विभाग संपर्क प्रमुख राकेश सिन्हा, जिला मंत्री मनीष साह, जिला सह मंत्री अंकित सर्राफ, कुंदन कुमार, बांका जिला मंत्री प्रभाकर कुमार, जिला सह मंत्री रोहित कुमार, विकास सिंह, महानगर सह मंत्री राजेश कुमार के अलावा बांका जिला भागलपुर महानगर एवं भागलपुर ग्रामीण जिला के जिला पदाधिकारी उपस्थित थे।