Move to Jagran APP

Bhojpur Road Accidents: भोजपुर में दो अलग-अलग भीषण सड़क दुर्घटनाएं, 2 की मौत, एक घायल

Road Accidents in Bhojpur भोजपुर जिले में शुक्रवार शाम को हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। एक हादसा आरा-बक्सर नेशनल हाइवे पर हुआ जहां एक बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दूसरे हादसे में बिहिया-जगदीशपुर हाइवे पर एक अनियंत्रित स्कार्पियो ने दो राजमिस्त्रियों को रौंद दिया जिससे एक की मौत हो गई।

By Jagran News Edited By: Mohit Tripathi Updated: Fri, 11 Oct 2024 09:47 PM (IST)
Hero Image
भोजपुर में सड़क दुर्घटना में बहनोई के घर जा रहे बाइक सवार युवक समेत दो की मौत। (सांकेतिक फोटो)

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में शुक्रवार शाम अलग-अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा गजराजगंज ओपी क्षेत्र अन्तर्गत आरा-बक्सर नेशनल हाइवे पर छोटकी सासाराम गांव के समीप स्थित टाटा मोटर्स शो रूम के समीप हुआ। यहां अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने बाइक सवार एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक 18 वर्षीय बिट्टू कुमार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमीरा गांव वार्ड नंबर पांच निवासी मुन्नी राम के पुत्र थे। वे गुजरात के सूरत स्थित एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे।

इधर, मृतक के चचेरे भाई पंचरत्न ने बताया कि बिट्टू शुक्रवार की शाम बाइक से शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव अपने जीजा संतोष से मिलने जा रहे थे कि उसी दौरान, टाटा मोटर्स शोरूम के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

इसके बाद गजराजगंज गश्ती पुलिस द्वारा इलाज के लिएसदर अस्पताल ,आरा लाया गया। हालांकि ,चिकित्सक ने देख उसे मृत घोषित कर दिया मृतक अपने तीन भाई व एक बहन में छोटे थे।

मृतक की बहन पूजा देवी की मृत्यु नौ वर्ष पूर्व हो गई थी। मृतक की मां गीता देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

अनियंत्रित स्कार्पियो ने दो को रौंदा, एक की मौत

दूसरी ओर बिहिया थाना क्षेत्र अन्तर्गत बिहिया -जगदीशपुर हाइवे पर धरहरा काली माई के समीप शुक्रवार की शाम अनियंत्रित स्कार्पियो ने दो लोगों को रौंद दिया। जिसमें एक की मौत हो गई।

मृतक 35 वर्षीय साधु यादव बिहिया के धरहर निवासी श्रीभगवान यादव के पुत्र थे। पेशे से राजमिस्त्री थे। हादसे में पुकार यादव नामक दूसरे राजमिस्त्री को भी चोटें आई हैं। इलाज बिहिया में चल रहा है।

यह हादसा तब हुआ जब दोनों राजमिस्त्री का काम कर घर लौट रहे थे कि उसी दौरान स्टेट हाइवे पर बिहिया की ओर से तेज रफ्तार से आ रही स्कार्पियो ने दोनों को रौंद दिया।

चालक साधु यादव के शव को स्कार्पियो से करीब दो सौ मीटर घसीटते हुए फरार हो गया। हादसे में पुकार यादव भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है।

इधर, दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने धरहरा काली माई के पास बिहिया जगदीशपुर स्टेट हाइवे को जाम कर दिया है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें