Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar News: 55 की उम्र में सरकारी नौकरी पाएंगे ये अभ्यर्थी! मैदान पर जमकर बहा रहे पसीना, जानें क्या है पूरा मामला

बिहार होमगार्ड भर्ती के लिए 18 साल के इंतजार के बाद अब अभ्यर्थी मैदान में पसीना बहा रहे हैं। 45 से 55 साल की उम्र में ढाई मिनट में आठ सौ मीटर की दौड़ पूरी करने की चुनौती का सामना कर रहे हैं। कईयों के बीच में ही दम फूल रहा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि उम्र को देखते हुए शारीरिक दक्षता जांच में छूट मिलनी चाहिए।

By Jagran News Edited By: Mohit Tripathi Updated: Sat, 14 Sep 2024 04:16 PM (IST)
Hero Image
ढाई मिनट में आठ सौ मीटर दौड़ने का अभ्यास कर रहे अधेड़।

नीरज कुमार, कोईलवर (आरा)। उम्मीदें आजीवन जवां होती हैं। ढलती उम्र में उम्मीद सरकारी नौकरी की हो तो जोश युवाओं सरीखा होना स्वाभाविक है। इन दिनों भोजपुर जिले के हर प्रखंड व कस्बों के खेल मैदान में यह दृश्य दिखना आम है।

अधेड़ उम्र के लोग दौड़-कूद के अभ्यास में पसीना बहाते दिख रहे हैं। लक्ष्य, ढाई मिनट में आठ सौ मीटर की दौड़ पूरी करना है। ये सभी होमगार्ड अभ्यर्थी हैं।

इन्होंने वर्ष 2006 में होमगार्ड में नौकरी के लिए आवेदन किया था, अब 18 वर्षों बाद उनकी शारीरिक परीक्षा होने वाली है। जब आवेदन किया था, तब युवा थे, अब अधेड़ हो गए हैं।

होमगार्ड भर्ती के लिए प्रखंडवार शारीरिक दक्षता जांच परीक्षा 18 सितंबर से शुरू होनी है। कोईलवर प्रखंड के अभ्यर्थियों के लिए 26 सितंबर की तिथि तय है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थी 55 की उम्र में अब 35 वर्ष की उम्र वाला लक्ष्य पूरा करने में दिनरात जुटे हैं। शारीरिक दक्षता परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए दर्जनों अभ्यर्थी अपने क्षेत्र के खेल मैदान पर अभ्यास कर रहे हैं। उनमें युवाओं जैसी शारीरिक ऊर्जा नहीं है, लेकिन जोश भरपूर है।

45 से 55 की उम्र में ढाई मिनट में आठ सौ मीटर की दौड़ लगाने में पसीने छूट रहे हैं। कईयों के तो बीच में ही दम फूल जा रहे हैं। कोईलवर के टीबी सेनिटोरियम खेल मैदान पर सुबह साढ़े चार बजे से अभ्यर्थी अभ्यास करना शुरू कर दे रहे हैं। इनमें सबसे कम उम्र की महिला अभ्यर्थी की उम्र 38 साल है।

क्या कहते हैं अभ्यर्थी

53 वर्षीय अभ्यर्थी नया हरिपुर गांव के सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि होमगार्ड का फार्म भरते वक्त काफी जोश था, शरीर युवा था। अब 50 पार हूं, हड्डियां भी कमजोर पड़ गईं हैं। ढाई मिनट में आठ सौ मीटर की दौड़ लगाना काफी कठिन लग रहा है।

दूसरे अभ्यर्थी गुड्डू प्रसाद, संजय कुमार, वकील राय ने कहा कि जब से शारीरिक जांच परीक्षा की जानकारी मिली, सुबह शाम मैदान में अभ्यास कर रहे हैं, लेकिन भर्ती के मापदंड पर खरे नहीं उतर पा रहे। फिर भी कोशिश जारी है। कई अभ्यर्थी तो दादा और नाना तक बन गए हैं।

अभ्यास कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि उम्र के लिहाज से उन्हें शारीरिक दक्षता जांच परीक्षा में छूट मिलनी चाहिए, नहीं तो इस उम्र में पास करना बहुत ही मुश्किल है।

21724 अभ्यर्थियों ने 301 पद के लिए भरा था फार्म

भर्ती के लिए 2006 में बिहार रक्षा गृह वाहिनी में होमगार्ड के लिए विज्ञापन निकला था। 21724 अभ्यर्थियों ने 301 पद के लिए फार्म भरा था। तब उनकी उम्र 18 से 25 वर्ष थी, लेकिन विभागीय कारणों से भर्ती प्रक्रिया टल गई थी। न्यायालय की शरण में जाने के बाद 18 वर्षों बाद भर्ती के लिए दक्षता परीक्षा की तिथि जारी की गई है। इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने के लिए अभ्यर्थी को आठ सौ मीटर दौड़, ऊंची, लंबी कूद, गोला फेंक प्रक्रिया से गुजरना होगा। ऊंची और लंबी कूद में अव्वल आने पर चार से पांच अंक निर्धारित हैं। तय समय में दौड़ पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थी अयोग्य घोषित किए जाएंगे।

इतने दिनों बाद मैदान में अभ्यास कर रहे हैं। दौड़, ऊंची और लंबी कूद के कड़ा अभ्यास कर रहे हैं, देखिए क्या होता है। ओम प्रकाश महाराज, अभ्यर्थी, नया महम्मदपुर

सरकार को चाहिए कि बढ़ती उम्र को देखते हुए शारीरिक दक्षता जांच में छूट दे, अन्यथा सीट खाली रह जाएगी। - अर्जुन सिंह, अभ्यर्थी, चनपुरा

इस उम्र में दौड़ के लिए जो समय निर्धारित है, उसमें संशोधन करने की जरूरत है। तभी क्वालिफाई कर पाएंगे। - रमेश पांडेय, अभ्यर्थी, हरिपुर

यह भी पढ़ें: Bihar Board Exam: अर्द्धवार्षिक परीक्षा से पहले सड़क किनारे मिले फेंके हुए प्रश्नपत्र, वायरल हुआ वीडियो

Bihar Land Survey: कब्जे की सरकारी भूमि का क्या होगा? जानें क्या कहते हैं बंदोबस्त पदाधिकारी

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर