Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar Flood News: भोजपुर में कभी भी आ सकती है बाढ, गंगा खतरे के निशान के करीब; सावधान रहने की अपील

भोजपुर जिले में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है जिससे बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों में जलस्तर में 16 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है और यह अब खतरे के निशान से महज 6 सेंटीमीटर दूर है। सोन और घाघरा नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों में दहशत का माहौल है।

By dharmendra kumar singh Edited By: Sanjeev Kumar Updated: Fri, 30 Aug 2024 07:01 PM (IST)
Hero Image
भोजपुर में मंडराया बाढ़ का खतरा (जागरण)

जागरण संवाददाता, आरा। Ara News: भोजपुर जिले में एक बार फिर गंगा- सोन और घाघरा पूरे उफान पर है। विगत तीन दिनों की ब्रेक के बाद तीनों नदियों का जलस्तर गुरुवार की रात काफी तेजी से बढ़ा है। गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ते हुए डेंजर लेवल के समीप पहुंच चुका है। शुक्रवार की रात पानी बढ़ने की रफ्तार बनी रही तो शनिवार की सुबह गंगा नदी भोजपुर जिले में खतरे के निशान 53.08 मीटर को पार कर जाएगी।

खतरे का निशान पार करते ही बड़हरा, कोईलवर के साथ-साथ शाहपुर प्रखंड के कई ग्रामीण सड़कों पर पानी चढ़ाने लगेगा। दूसरी तरफ तीनों प्रखंड के सैकड़ों गांव के बाधार में लगी फसलों को डुबोता हुआ गांव की ओर बढ़ने लगेगा। शुक्रवार की शाम जलस्तर ज्यादा बढ़ने के कारण बखोरापुर- नेकनाम तोला ग्रामीण सड़क पर बाढ़ का पानी चढ़ गया था।

इसके अलावा कई अन्य सड़कों पर पानी चढ़ने के करीब पहुंच गया है। इधर, बखोरापुर-केशोपुर और नेकनाम टोला के निचले हिस्सों में बाढ़ का पानी फसलों को डुबोते हुए तेजी से आगे बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे के दौरान जल स्तर पर नजर डाले तो शुक्रवार की सुबह छह बजे तक गंगा नदी का जलस्तर भोजपुर जिले में 52.96 मीटर पर पहुंच गया था।

इस प्रकार पिछ्ले 24 घंटे में 16 सेंटीमीटर पानी बढ़ा था। वही शुक्रवार की सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक जलस्तर 53.02 मीटर पर पहुंच गया था। इस प्रकार दिन में 12 घंटे के दौरान छह सेंटीमीटर पानी बढ़ते हुए डेंजर लेवल से महज छह सेंटीमीटर दूर रह गया है। इधर, सोन नदी का जलस्तर गुरुवार की रात रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ते हुए शुक्रवार की सुबह छह बजे तक 24 घंटे में 71 सेंटीमीटर बढ़ते हुए 52.70 मीटर पर जा पहुंचा है।

वहीं शुक्रवार की शाम छह बजे तक जलस्तर 52.80 मीटर के करीब पहुंच गया था। घाघरा नदी भी पीछेले 36 घंटे के दौरान 34 सेंटीमीटर बढ़ गई है। इस प्रकार गुरुवार से लेकर शुक्रवार तक तीनों नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को तीनों नदियों का जलस्तर बढ़ने से भोजपुर जिले के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में शामिल बड़हरा, शाहपुर, बिहिया, कोईलवर, आरा और उदवंतनगर के ग्रामीण क्षेत्रों में लोग बाढ़ आने की आशंका से भयभीत हो उठे हैं।

रविवार से राहत मिलने की है उम्मीद

भोजपुर जिले में शनिवार को भी गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका व्यक्त की गई है। बक्सर में शुक्रवार की शाम डेढ़ सेंटीमीटर से ज्यादा की रफ्तार रहने के कारण संभावना जताई जा रही है कि भोजपुर जिले में रविवार की रात या सोमवार की सुबह से जलस्तर कम होने की संभावना है।

बक्सर से ऊपरी क्षेत्रों में शामिल बनारस प्रयागराज में गंगा का जलस्तर या तो स्थिर है या कम हो रहा है। इससे यह संभावना जताई जा रही है कि भोजपुर जिले में विगत 15 दिनों पूर्व बढ़े जलस्तर से ज्यादा पानी बढ़ने की संभावना नहीं है। यह भोजपुर वासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर