Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Ara News: आरा में पूर्व उप मुखिया पर चली ताबड़तोड़ गोली, हमलावर फरार; CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

Bihar Crime News बिहार के आरा जिले में एक पूर्व उप मुखिया को बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने गोली मार दी। घायल पूर्व उप मुखिया को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि वह बाजार गए थे इस दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया।

By Deepak Singh Edited By: Mukul Kumar Updated: Sun, 15 Sep 2024 03:07 PM (IST)
Hero Image
गोलीबारी के बाद घर पर लगी भीड़

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के फुलाड़ी गांव मोड़ के समीप रविवार की पूर्वाह्न करीब 11 बजे बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने बाजार जा रहे एक एक पूर्व उप मुखिया को गोली मार दी और फरार हो गए।

जख्मी 32 वर्षीय दीपक कुमार केसरी संदेश थाना क्षेत्र के फुलाड़ी गांव निवासी नथू साह के पुत्र है। वे खंडोल पंचायत के पूर्व में उप मुखिया थे। वर्तमान में वे फुलाड़ी के वार्ड नंबर 14 के वार्ड पार्षद हैं।

घायल पूर्व उप मुखिया को गोली दाएंसाइड पेट के पिछले हिस्से में लगी है, जो आर -पार हो गई है । इलाज के लिए शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हमलावर एक बाइक पर तीन की संख्या में थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधियों को चिह्नित करने में लगी है। कारणों के बारे में छानबीन चल रही है।

स्वजनों के अनुसार दीपक कुमार पूर्व में खंडोल पंचायत के उप मुखिया थे। करीब डेढ़- दो माह पूर्व उप मुखिया पर अविश्वास प्रस्ताव लगा था। जिसमें वे उप मुखिया पद से हार गए थे।

वैसे, घर पर किराना दुकान एवं पीएनबी बैंक का सीएसपी भी चलता है। इधर ,घटना की सूचना मिलते ही सदर एएसपी परिचय कुमार एवं संदेश थानाध्यक्ष संतोष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन की।

आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला जा रहा है। जख्मी पूर्व उप मुखिया ने बताया कि वे हर रोज की तरह शनिवार की सुबह भी अपनी लूना बाइक पर सवार होकर बाजार करने के लिए संदेश बाजार जा रहे थे।

जैसे ही वे अपने घर से सौ मीटर आगे फुलाड़ी मोड़ के समीप पहुंचे, तभी एक अपाची बाइक पर सवार तीन हथियारबंद अपराधी पीछे से आए और उन्हें गोली मार कर भाग निकले। इसके बाद ग्रामीण ने फोन कर इसकी सूचना उनके स्वजनों को दी।

निजी अस्पताल में चल रहा इलाज

सूचना पर स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल से आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल ले आए। दूसरी ओर जख्मी पूर्व उप मुखिया सह वार्ड पार्षद दीपक कुमार केसरी ने गांव में अपने किसी भी व्यक्ति से किसी भी प्रकार के विवाद एवं दुश्मनी की बातों से साफ इनकार किया है।

हालांकि उक्त हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें गोली क्यों मारी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।

इधर, इलाज कर रहे सर्जन चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने बताया कि जख्मी युवक को गोली पेट के पिछले हिस्से में दाएं साइड से मारी गई है, जो बाएं साइड से निकल गई है। गोली लगने के कारण उनकी आंत क्षतिग्रस्त हो गई है। तत्काल ऑपरेशन कर उनके डैमेज पार्ट्स को रिपेयर कर दिया गया है। 

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर