Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bhojpur News: वोट डालने को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प, फायरिंग में 3 लोग हुए घायल; जमकर चले ईट-पत्थर

शनिवार को भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा गांव में लोक सभा चुनाव के दौरान चुनावी हिंसा हुई और यहां वोट देने को लेकर दो गुटों के बीच भिड़ंत हो गई। इस दौरान एक गुट विशेष के दबंग लोगों ने दूसरे गुट पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और इस कारण एक किशोरी समेत तीन घायल हो गए। इस हिंसा में जमकर ईंट पत्थर चले।

By Deepak Singh Edited By: Shoyeb Ahmed Updated: Sat, 01 Jun 2024 09:15 PM (IST)
Hero Image
सदर अस्पताल में गोली से घायल ग्रामीण का इलाज करते डाक्टर

जागरण संवाददाता, आरा। Two Group Clash Over Voting भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा गांव में लोक सभा चुनाव के दौरान वोट देने संबंधी विवाद को लेकर शनिवार को दो गुटों के बीच भिड़ंत हो गई। इस दौरान ईट-पत्थर भी चले। एक गुट विशेष के दबंगों लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग भी की।

जिसमें छर्रा लगने से एक किशोरी समेत तीन घायल हो गए। दो घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा में भर्ती कराया गया है। इस दौरान सदर एसडीपीओ टू रंजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम पैगा गांव पहुंचकर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की। घरों में सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया।

चारों लोगों से पूछताछ जारी

चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है। पुलिस के अनुसार वोट देकर आने के बाद गाली-गलौज को लेकर विवाद बढ़ा है। फायरिंग में छर्रा लगने से घायल बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा गांव निवासी स्व.रामाधार राम के 56 वर्षीय पुत्र किशुन दयाल राम, अमरजीत राम के 28 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार का इलाज सदर अस्पताल ,आरा में चल रहा है।

फायरिंग में ये हुए घायल

फायरिंग में मुन्ना राम की पांच वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी को भी छर्रा लगने की सूचना है। एक युवक को ईट-पत्थर भी लगा है। इसमें राहुल कुमार को दाएं साइड सीने में एवं किशुन दयाल राम को बाएं साइड कंधे के पास गोली का छर्रा लगा है।

ऐसे हुई घटना

इधर , घायल किशुन दयाल राम ने बताया कि पैग गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बूथ संख्या 115 116 और 118 है। जिस पर शनिवार की शाम वे लोग वोट देने के लिए जा रहे थे, तभी वहां पर कुर्सी टेबल लगा कर बैठे कुछ भाजपा समर्थक लोगों ने उन्हें जाति सूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए रोक कर बोला कि कहां जा रहे हो तो उन्होंने कहा कि वोट देने जा रहे है।

फिर पूछा गया कि किस में वोट दोगे तो उन्होंने कहा इससे क्या मतलब। इसी बात पर उन लोगों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। जिसमें फायरिंग के दौरान तीनों लोग जख्मी हो गए। जख्मी किशुन दयाल राम ने गांव के ही भाजपा समर्थक लाल सिंह एवं उनके साथ रहे अन्य लोगों पर वोट को लेकर हुए विवाद के कारण सभी लोगों को गोली मारने का आरोप लगाया है।

एक्स-रे में पाया गया गोली का पिलेट

सर्जन चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने बताया कि एक को बाएं साइड कंधे एवं दूसरे को दाएं सीने में गोली लगी है। दोनों की स्थिति स्टेबल है। सीने में गोली का एक्स-रे कराया गया है। एक्स-रे में एक छोटा सा बुलेट का पिलेट पाया गया है।

ये भी पढे़ं-

मुजफ्फरपुर से लापता 3 लड़कियों का मथुरा में शव मिलने से हड़कंप, शव के पास मिली चिट्ठियां खोलेंगी मौत का राज

चचेरे मामा ने पार की हैवानियत की हदें, दो साल की मासूम के साथ की दरिंदगी; खून से लथपथ मिली बच्ची तो...

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर