Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bhojpur: बांस की सीढ़ी से गिरने से बुरी तरह घायल हो गया चौकीदार, इलाज के लिए वाराणसी ले जाते समय तोड़ा दम

बिहार के भोजपुर में बांस की सीढ़ी से गिरकर एक चौकीदार की मौत हो गई। इलाज के लिए वाराणसी ले जाने के दौरान उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान तरारी थाना क्षेत्र के सेदहां गांव के 48 वर्षीय अंगद सिंह के रूप में हुई है। वे सेदहां गांव के चौकीदार थे। वर्तमान में तरारी थाने में कार्यरत थे।

By Deepak SinghEdited By: Mohit TripathiUpdated: Sun, 30 Jul 2023 06:45 PM (IST)
Hero Image
भोजपुर में बांस की सीढ़ी से गिरकर थाने के चौकीदार की मौत। (जागरण)

जागरण संवाददाता,आरा: भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के सेदहां गांव में बांस की सीढ़ी से गिरने से एक चौकीदार की मौत हो गई। सीढ़ियों से गिरने से चौकीदार बुरी तरह घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए वाराणसी ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

मृतक 48 वर्षीय अंगद सिंह तरारी थाना क्षेत्र के सेदहां गांव के रहने वाले थे। वे सेदहां गांव के चौकीदार थे। वर्तमान में तरारी थाना में कार्यरत थे। रविवार को आरा के सदर अस्पताल शव का पोस्टमार्टम में कराया गया। चौकीदार की मौत लेकर यूडी केस किया गया है।

छत पर चढ़ने के दौरान हुआ हादसा

मृतक चौकीदार के पुत्र गजेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद बांस के सीढ़ी पर चढ़कर छत पर सोने जा रहे थे, तभी अचानक असंतुलित होकर सीढ़ी से गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

गिरने की आवाज सुनकर स्वजन वहां पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में पहले पीरो बाजार स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया।

प्राथमिक उपचार करने के बाद स्वजन उन्हें घर ले गए, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार न होने के कारण उन्हें इलाज के लिए आरा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वाराणसी ले जाने के दौरान तोड़ा दम

शनिवार की मध्यरात्रि उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई। इसके बाद आरा के निजी अस्पताल द्वारा उन्हें रेफर कर दिया गया। इसके बाद स्वजन उन्हें इलाज के लिए वाराणसी ले जा रहे थे, तभी मलियाबाग के समीप ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद स्वजन उनके शव को वापस अपने गांव ले आए। सूचना स्थानीय थाना को दी।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर उसका सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही पूर्व जिला पंचायत सदस्य शैलेंद्र कुमार आरा सदर अस्पताल पहुंचे। इसके बाद मृतक के स्वजनों से मिल पूरी घटना की जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया।

मृतक अपने चार भाई व चार बहनों में छोटे थे। मृतक के परिवार में पत्नी पन्ना देवी व तीन पुत्र गजेंद्र सिंह, अमित कुमार एवं नीतीश कुमार हैं। इस घटना के बाद मृतक की पत्नी पन्ना देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर