Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar News : बिहार में तेजी से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, क्या यूपी से आ रहा पानी बढ़ाएगा मुसीबत, प्रशासन अलर्ट

शनिवार से रविवार के बीच पांच गुना से भी अधिक रफ्तार बढ़ गई है। उधर प्रयागराज में रविवार की शाम तक यमुना के भारी दबाव के कारण छह सेमी प्रति घंटा की रफ्तार से गंगा का जलस्तर बढ़ने की सूचना है। फिलहाल गंगा के बढ़ते जलस्तर से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं दिखाई दे रही है। केंद्रीय जल आयोग ने इस संबंध में जानकारी दी है।

By Ashok Kumar SinghEdited By: Yogesh SahuUpdated: Sun, 06 Aug 2023 08:39 PM (IST)
Hero Image
Bihar : बिहार में तेजी से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, यूपी की नदी से आ रहा पानी

जागरण संवाददाता, बक्सर। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा पर अचानक यमुना नदी के भारी दबाव के कारण बक्सर में गंगा उफान पर है।

शनिवार से रविवार के बीच पांच गुना से भी अधिक रफ्तार बढ़ गई है। उधर, प्रयागराज में रविवार की शाम तक यमुना के भारी दबाव के कारण छह सेमी प्रति घंटा की रफ्तार से गंगा का जलस्तर बढ़ने की सूचना है।

फिलहाल गंगा के बढ़ते जलस्तर से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं दिखाई दे रही है। केंद्रीय जल आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बक्सर में शुक्रवार की सुबह आठ बजे एक सेमी की रफ्तार बनी हुई थी।

यह रफ्तार पूरे दिन बनी रहने के बाद देर शाम इसमें तेजी आनी शुरू हो गई और आधी रात तक रफ्तार बढ़कर दो सेमी की हो गई।

रविवार दोपहर से बढ़ी पानी की रफ्तार

शनिवार से लेकर रविवार की सुबह तक दो सेमी की रफ्तार बनी रही। लेकिन दोपहर बाद रफ्तार में तेजी आने लगी और बढ़कर तीन फिर शाम होने तक पांच सेमी तक पहुंच गई है।

इस प्रकार रविवार की सुबह आठ बजे 56.61 मीटर दर्ज किया गया। वहीं, सुबह 10 बजे तीन सेमी की रफ्तार से 56.67 मीटर दर्ज किया गया।

इसके बाद दोपहर 12 बजे चार सेमी की रफ्तार से 56.75 मीटर जबकि शाम चार बजे 56.93 और शाम पांच बजे पांच सेमी की रफ्तार से 56.98 मीटर दर्ज किया गया है।

गाजीपुर में बढ़ा गंगा का जलस्तर, नैनी में यमुना में उफान

उधर, गाजीपुर में गंगा का जलस्तर चार सेमी तथा वाराणसी और प्रयागराज में छह सेमी प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ने की सूचना है।

जबकि नैनी में यमुना का जलस्तर सात सेमी की रफ्तार से बढ़ने की सूचना है। मध्य प्रदेश की केन और बेतवा नदियों में अचानक तूफानी रफ्तार से वृद्धि होने के कारण यमुना पर भारी दबाव बन गया था।

हालांकि, प्राप्त सूचना के अनुसार फिलहाल केन और बेतवा नदियों का उफान शांत पड़ गया है। बावजूद इसके दो से तीन दिनों तक निरंतर जलस्तर में वृद्धि दर्ज होने का अनुमान है।

प्रशासन सतर्क, लोगों से सतर्कता बरतने की अपील

तेजी से बढ़ रहे गंगा के जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन हाई अलर्ट मोड में आ गया है। हालांकि, बक्सर में चेतावनी बिंदु 59.32 मीटर और खतरे का निशान 60.32 मीटर पर होने के कारण फिलहाल बाढ़ की स्थिति नहीं है।

बावजूद इसके संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से लोगों से पानी में नहीं जाने की अपील की जा रही है।

सदर एसडीओ धीरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि सुरक्षा और बचाव के लिए एसडीआरएफ की टीम मोटर बोट से गंगा में लगातार गश्त लगा रही है।

भोजपुर : जिले में दो सेमी गंगा और पांच सेमी की रफ्तार से बढ़ रहा सोन

भोजपुर जिले में भी गंगा नदी रविवार को दो सेंटीमीटर की रफ्तार से और सोन नदी पांच सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ने लगी है। ऐसा गंगा नदी के ऊपरी क्षेत्रों में यमुना नदी के पानी का बढ़ते दबाव के कारण हो रहा है।

गंगा के ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी वर्षा और यमुना नदी समेत अन्य कई नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने का कुप्रभाव भोजपुर जिले में दिखाई दे रहा है।

शनिवार की सुबह से लेकर रविवार की सुबह तक गंगा नदी लगभग एक सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ते हुए 50.56 मीटर से रविवार की सुबह 50.76 मीटर पर पहुंच गई थी।

आठ घंटे में 14 सेंटीमीटर बढ़ा पानी

रविवार की सुबह से जलस्तर बढ़ने की रफ्तार दोगुनी हो गई है। रविवार की दोपहर चार बजे तक गंगा नदी का जलस्तर लगभग 50.90 मीटर पर जा पहुंचा है।

इस प्रकार आठ घंटे में 14 सेंटीमीटर से ज्यादा पानी का जलस्तर बढ़ा है। इससे भी चिंताजनक स्थिति में बक्सर, प्रयागराज में गंगा नदी का पानी दो से पांच सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है।

भोजपुर में 53.08 सेंमी. है खतरे का स्तर

ऊपरी क्षेत्रों में पानी बढ़ने की रफ्तार यही रही तो बुधवार तक भोजपुर जिले में भी गंगा नदी डेंजर लेवल के समीप पहुंच जाएगी। भोजपुर जिले में डेंजर लेवल 53.08 मीटर है।

वर्तमान में गंगा का जलस्तर डेंजर लेवल से 2.18 मीटर महज नीचे रह गया है। बड़हरा में गंगा का जलस्तर लगभग 51 मीटर के समीप पहुंचने के बाद केशोपुर के समीप सकुचाही नदी में तेजी से पानी गंगा का प्रवेश कर रहा है।

नदी के बढ़ने की गति यही बनी रही तो सोमवार की शाम से सकुचाही नदी के सहारे केशोपुर और बखोरापुर गांव के निचले हिस्से वाले बाधारों में पानी प्रवेश करने लगेगा, जिससे खड़ी फसल प्रभावित होने लगेगी।

दो दिनों से लगातार जलस्तर में बढ़ोतरी को देख आसपास के ग्रामीणों में बाढ़ आने का भय दिखने लगा है।

सोन में पांच से 17 सेंमी तक की रफ्तार से बढ़ा जलस्तर

गंगा नदी में जहां एक तरफ तेजी से जलस्तर बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ रविवार को सोन नदी का जलस्तर भी कोईलवर में तेजी से बढ़ा है।

इंद्रपुरी के ऊपरी भागों से लगातार लाखों क्यूसेक पानी छोड़ने के कारण इसके जलस्तर में भी रविवार को काफी वृद्धि हुई।

सुबह आठ बजे 50.27 मीटर, 10 बजे 50.59 मीटर, इस तरह 16 सेमी की रफ्तार, दोपहर 12 बजे 50.69 मीटर और शाम चार बजे 50.97 मीटर पर पानी पहुंच गया था। इस प्रकार महज आठ घंटे में 70 सेंमी पानी बढ़ा है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर