Move to Jagran APP

Pacs Election: कैसे डालेंगे वोट? मतदाता सूची में सामने आई बड़ी गड़बड़ी, जिंदा को बता दिया मरा और मृत वोटर हो गए जीवित

प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) की मतदाता सूची में अनियमितताएं पाई गईं। कुशलपुर पैक्स में 30 लोगों ने मतदाता सूची में शामिल होने का दावा किया जबकि एक जीवित व्यक्ति को मृत घोषित किया गया और मृत लोगों को जीवित बताया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी दावों की जांच कर रहे हैं और शुक्रवार को सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

By Shubh Narayan Pathak Edited By: Mukul Kumar Updated: Thu, 24 Oct 2024 12:58 PM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर
संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। प्राथमिक कृषि साख समिति यानी पैक्स की मतदाता सूची के प्रारूप पर प्राप्त दावा-आपत्ति में चौंकाने वाले आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। शहर के 30 लोगों का नाम कुशलपुर पैक्स की मतदाता सूची में शामिल होने का दावा करते हुए आवेदन आया है।

एक आवेदन जिंदा व्यक्ति को मतदाता सूची में मृत घोषित करने का भी आया है। वहीं जो लोग पहले ही मर चुके हैं, उन्हें मतदाता सूची में जीवित बताया गया है। अब इन दावों और आपत्तियों का तेजी से निष्पादन किया जा रहा है।

12 पैक्स समितियों में होगा चुनाव 

प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार पांडे सभी आवेदनों की जांच कर रहे हैं। शुक्रवार को सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि डुमरांव प्रखंड की 12 पैक्स समितियों में चुनाव होगा। 25 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

इसके आधार पर चुनाव किया जाएगा। प्राप्त दावा-आपत्ति का सत्यापन दो स्तरों से किया जा रहा है। इसमें एक टीम फील्ड में काम कर रही है, तो दूसरी टीम कार्यालय में बैठकर दावा-आपत्ति का निष्पादन कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रखंड के 38 मतदान केंद्रों 22987 मतदाता चिह्नित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि दावा-आपत्ति निष्पादन के बाद मतदाताओं की अंतिम संख्या प्राप्त होगी।

इन इलाकों से नहीं प्राप्त हुई दावा-आपत्ति

प्रखंड विकास पदाधिकारी का कहना है कि स्थानीय प्रखंड के कुशलपुर पंचायत से 22 तथा छतनवार पंचायत से 43 दावा आपत्ति प्राप्त हुए हैं, जबकि चिलहरी, कनझरूआ, अरियांव, लाखनडिहरा, कोरान सराय पंचायत से एक भी दावा-आपत्ति का शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

उन्होंने बताया कि सभी बूथों का भौतिक निरीक्षण भी किया जा चुका है। कुल 38 बूथों पर चुनाव शांतिपूर्ण तरीकों से कराने की तैयारी की जा रही है। इनमें पांच पंचायत का बूथ बदला भी गया है।

बीडीओ ने कहा कि इस चुनाव में पैक्स गोदाम में बूथ को लेकर प्रमुखता थी। जहां पैक्स की अपनी व्यवस्था नहीं है, वहां सहूलियत के मुताबिक वर्ष 2019 में हुए चुनाव को देखते हुए सरकारी विद्यालय में बूथ बनाया गया है।

पांच पंचायत में बूथों का बदलाव भी हुआ है। इनमें अरियांव का बूथ उत्क्रमित विद्यालय में बनाया गया है। यहां पैक्स गोदाम की जमीन लीज पर है। कनझरुआ में मध्य विद्यालय, मठिला, मुंगाव एवं लाखनडिहरा में बदलाव हुआ है। पैक्स चुनाव में सबसे अधिक 3485 मतदाता अटांव तो सबसे कम चिलहरी पैक्स में 951 मतदाता हैं।

यह भी पढ़ें-

Buxar PACS Election: पैक्स सदस्यता आवेदन स्वीकृत करने में धांधली, बीसीओ ने डीसीओ को लिखा पत्र

Saran Pacs Election: पैक्स चुनाव को लेकर बढ़ी हलचल, 5 चरणों में होगा मतदान; 516811 मतदाता डालेंगे वोट

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।