Move to Jagran APP

Buxar Crime: रिक्शा चालक की चाकू से गोदकर नृशंस हत्या; शरीर पर मिले दर्जनों वार के निशान

बिहार के बक्सर में एक रिक्शा चालक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई है। बताया का रहा है कि शरीर पर चाकू से कई बार वार करने के निशान मिले हैं। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मृतक की दो पुत्री तथा एक पुत्र हैं। हालांकि बेटा और बेटियां मृतक के साथ नहीं रहते थे।

By Ashok Kumar SinghEdited By: Mukul KumarUpdated: Tue, 26 Sep 2023 12:36 PM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।
जागरण संवाददाता, बक्सर : बिहार के बक्सर में नगर थाना क्षेत्र के कोइरपुरवा में सोमवार की रात एक रिक्शा चालक की चाकू से गोदकर नृशंस तरीके से हत्या कर दी गई है। किराए के मकान में रह रहे अधेड़ का खून से लथपथ शव आंगन में गिरा पाया गया। रात में हुई घटना की सुबह जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, शहर के नालबंद टोली निवासी 48 वर्षीय जलालुद्दीन रजक विगत चार वर्षों से कोइरपुरवा में रहते थे। उन्होंने अर्जुन सिंह से उनका टीन शेड वाला मकान किराए पर ले रखा था। यहां वह अकेले ही रहते थे। प्रति दिन सुबह रिक्शा चलाने निकल जाते थे और फिर रात में ही घर लौटते थे।

शव के आसपास भारी मात्रा में खून

सोमवार को भी वह रिक्शा चलाने गए थे। रात को वह कब लौटे, इसकी जानकारी नहीं मिली। सुबह जगने के बाद जब आसपास के लोग अपनी छत पर गए, तब उन्हें आंगन में जलालुद्दीन गिरे पड़े दिखाई दिए। घटना की सबसे पहले जानकारी मकान मालिक अर्जुन सिंह को दी गई।

उनके आने के बाद जब लोग अंदर गए, तो दरवाजे से लेकर चारों तरफ गिरे खून के छींटे देखते ही सबके होश उड़ गए। तुरंत डायल 112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची नगर थाना की पुलिस जांच में जुट गई। आंगन में गिरे शव के आसपास काफी मात्रा में खून गिरा पाया गया।

मृतक के शरीर पर किसी चौड़े धार वाले हथियार (संभवत: चाकू) के करीब एक दर्जन से अधिक जख्म के निशान मिले हैं। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही पुलिस जांच में जुट गई है।

दरवाजे से आंगन तक बिखरे खून के छींटे

घटनास्थल पर मुख्य दरवाजे से लेकर आंगन तक खून के छींटे पड़े पाए गए हैं। इसे देखने के बाद अनुमान किया जा रहा है कि रात में किसी ने दरवाजा खुलवाया है और जैसे ही दरवाजा खुला, हमलावर ने चाकू मारना शुरू कर दिया।

चाकू लगने के बाद बचने के लिए वह दरवाजे से अंदर आंगन की ओर भागा है, वहां गिरने के बाद भी उसे नृशंस तरीके से चाकू गोदकर हत्या की गई है।

दो से अधिक हमलावर की आशंका

जिस प्रकार से हत्या को अंजाम दिया गया है, उससे अनुमान किया जा रहा है कि हमलावर कम से कम दो या उससे अधिक हो सकते हैं। क्योंकि एक साथ इतने चाकू से वार करना अकेले आदमी से संभव नहीं लगता है।

यह भी पढ़ें- पटना में नर्स की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या, ड्यूटी कर जा रही थी हॉस्टल; क्या वजह का हुआ खुलासा?

किसी ने नहीं सुनी चीखने की आवाज

सुबह जब शव बरामद किया गया, तब तक अकड़ चुका था। स्थिति देखने के बाद पुलिस का अनुमान है कि हत्या सोमवार की रात नौ या 10 बजे के करीब की गई है।

टीन शेड के जिस मकान में हत्या की वारदात हुई है, उसके चारों तरफ बिल्कुल सटे अनेक लोगों के घर मौजूद हैं। हैरत इस बात पर है कि घटना के समय किसी ने भी मृतक के चीखने की आवाज तक नहीं सुनी है।

चार साल पहले पत्नी की मौत

बताया जाता है कि मृतक की दो पुत्री तथा एक पुत्र हैं। चार साल पूर्व तक मृतक अपने परिवार के साथ डीएवी स्कूल के पीछे नहर किनारे झोपड़ी बनाकर रहता था।

यह भी पढ़ें- राजधानी पटना में युवक की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या, शव को ठेले पर लादकर ले गई पुलिस 

चार साल पहले पत्नी की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई थी। उसके बाद से ही मृतक कोइरपुरवा में किराए के मकान में अकेले रहता था। बेटे-बेटियां उसके साथ नहीं रहते हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।