Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar Flood Photos: दरभंगा में रौद्र रूप में आई कोसी और कमला, इन जिलों से भी सामने आ रहीं तस्वीरें

बिहार के दरभंगा जिले में कोसी और कमला नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है जिससे बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। किरतपुर प्रखंड के भुभोल गांव के पास कोसी नदी का तटबंध टूटने से चार लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। कमला नदी के पूर्वी तटबंध पर भी खतरा मंडरा रहा है। बाढ़ से प्रभावित लोग ऊंचे स्थानों पर जाने को मजबूर हैं।

By Mrityunjay Bhardwaj Edited By: Yogesh Sahu Updated: Mon, 30 Sep 2024 02:56 PM (IST)
Hero Image
दरभंगा में रौद्र रूप में आई कोसी व कमला, चार लाख की आबादी प्रभावित

जागरण संवाददाता, दरभंगा। दरभंगा जिले में कोसी व कमला रौद्र रूप में आ गई है। किरतपुर प्रखंड के भुभोल गांव के समीप कोसी नदी का पश्चिमी तटबंध करीब 10 मीटर की दूरी में रविवार की देर रात टूटने के बाद सोमवार की सुबह 10 बजे तक उसका दायरा बढ़कर चार सौ मीटर हो गया है।

इससे किरतपुर, कुशेश्वरस्थान पूर्वी, घनश्यामपुर प्रखंड की करीब चार लाख आबादी बाढ़ की चपेट में आ गई है। इसके साथ कमला नदी के पूर्वी तटबंध पर भी खतरा बढ़ गया है।

जानकारी के अनुसार, कोसी के पूर्वी व पश्चिमी तटबंध के बीच में नौ किलोमीटर का फासला है। इसमें जमा पानी भूभाेल गांव के पास से टूटे तटबंध होकर तेजी से बह रहा है।

यहां करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर कमला का पूर्वी तटबंध है। जाहिर है यह पानी कमला के पूर्वी तटबंध पर खतरे को बढ़ा रहा है। जलप्रलय की स्थिति सोचकर लोगों की रूह कांप जा रही है।

12 घंटे में 3 फीट बढ़ा पानी

कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड से होकर गुजरने वाली कोसी और कमला बलान में पिछले 12 घंटे में साढ़े तीन फीट से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।

कमला बलान नदी के पश्चिमी तटबंध से पूरब बसे पूर्वी प्रखंड के चार पंचायतों के सभी गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। गांव के किनारे बसे लोगों के घरों में पानी घुस गया है।

लोगों में अफरातफरी का माहौल बना है। बाढ़ से प्रभावित लोग ऊंचे स्थानों पर जाने की तैयारी कर रहे हैं। कुशेश्वरस्थान फुलतोड़ा मुख्य मार्ग को छोड़कर सभी ग्रामीण सड़कों पर पानी बह रहा है।

दरभंगा : कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के कुंज भवन गांव में आवासीय एवं मवेशी घरों में घुसा पानी।

खेतों में फसल डूबी

खेतों में लगी धान की फसल बाढ़ के पानी में डूब गई हैं। दोनों नदियों के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से स्थिति भयावह होती जा रही है।

घनश्यामपुर में कमला नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से तटबंध के बीच में बसे आधा दर्जन गांवों की स्थिति खराब हो गई है। घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है।

सहरसा में कई गांवों में तेजी से फैला रहा बाढ़ का पानी

दरभंगा जिला के किरतपुर प्रखंड पश्चिमी कोसी तटबंध टूटने से महिषी प्रखंड के बघवा पंचायत, घोंघेपुर पंचायत, तेलवा पश्चिमी पंचायत, बीरगांव पंचायत एवं मनोवर पंचायत के कई गांवों में तेजी से बाढ़ का पानी फैल रहा है।

कोसी पश्चिमी तटबंध से समानी जाने वाली टूटी सड़क।

गांव छोड़ कोसी पश्चिमी तटबंध पर शरण लेने पहुंचे लोग।

सहरसा: जलई ओपी के समीप टूटे समानी पथ से बाढ़ की की स्थिति को देखते एसडीओ सहित वरीय पुलिस अधिकारी।

सहरसा में मध्य विद्यालय पुरोषत्तमपुर के सामुदायिक किचेन में खाना खाते बच्चे।

सहरसा में तटबंध पर कट रही जिंदगी।

सहरसा: पश्चिम कोसी तटबंध टूटने के बाद अचानक बेघर हुए लोग। नाव से सुरक्षित इलाके में पहुंच रहे लोग।

खगड़िया : नाव डूबी, एक लापता

खगड़िया में अलौली प्रखंड अंतर्गत बनर झूला घाट हथवन में सोमवार को कोसी नदी में एक छोटी नाव डूब गई। नाव पर चार लोग सवार थे। सभी लोग कोसी का पानी बढ़ने के बाद हाथवन भरैण बासा से नाव पर सवार होकर अपने गांव हथवन लौट रहे थे।

60 वर्षीय जोगी यादव लापता हैं। शेष तीन लोग बाहर निकलने में सफल रहे। अलौली थाना अध्यक्ष समरेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि की है। एसडीआरएफ की टीम वहां पहुंच चुकी है।

खगड़िया में नाव डूबने की घटना के बाद मौके पर मौजूद भीड़।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें